चंडीगढ़। बीते बुधवार सुबह मुबारकपुर से दड़वा चंदा मांगने आए इंद्रजीत सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में शनिवार को उसकी पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि इंद्रजीत के शरीर पर कोई जख्म नहीं थे। फिलहाल पुलिस ने विसरा को कब्जे में लेकर सीएफएसएल भेज दिया है, जहां रिपोर्ट में पता लगेगा कि मौत किन कारणों से हुई थी।
गौरतलब है कि बीते बुधवार सुबह दड़वा स्थित गुरुद्वारा के पास एक व्यक्ति बाइक से बेसुध होकर जमीन पर गिरने की सूचना मिली थी। सूचना पर दड़वा चौकी इंचार्ज परविंदर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बेसुध व्यक्ति को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस की जांच में इंद्रजीत के साथ जरनैल सिंह और कुलदीप सिंह दूसरी बाइक पर थे। घटना के बाद परिजनों व रिश्तेदारों ने अगले दिन वीरवार दोपहर दड़वा चौकी का घेराव किया था। इंद्रजीत के बड़े भाई अवतार सिंह का आरोप था कि इंद्रजीत की पीटकर हत्या की गई है और पुलिस हत्यारोपियों पर कार्रवाई करने की बजाय मामले को दबाने में जुटी है।