चंडीगढ़। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई) में शहरवासियों को अगस्त से राशन मिलना शुरू हो जाएगा। योजना में शहर में 64 हजार परिवारों को राशन दिया जाएगा। वहीं, इस बार 6000 उन परिवारों को भी राशन मिलेगा, जिनके पास राशन कार्ड नहीं है और न ही खाते में सब्सिडी आती है।
योजना के तहत पांच माह के लिए प्रति व्यक्ति 25 किलो गेहूं और प्रति परिवार 5 किलो दाल मुफ्त में मिलेगी। प्रशासन का फूड एंड सप्लाई डिपार्टमेंट इसके लिए एजेंसी हायर करने जा रहा है, जो राशन बांटने की प्रक्रिया पूरी करेगी। इस संबंध में प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि जुलाई से लेकर नवंबर तक राशन कार्ड होल्डरों को बांटना है, जिसकी प्रक्रिया अगस्त से शुरू की जाएगी और अगले पांच माह तक जारी रहेगी। सरकार की ओर से जारी किए जाने वाले दिशा-निर्देशों के आधार पर ही इसे आगे बढ़ाया जा सकेगा। प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि एजेंसी सभी लाभार्थियों को उनके घर तक राशन पहुंचा रही है। इसके अलावा उन्हें एक मोबाइल एप्लीकेशन भी दिया जाएगा, जिसमें रिकॉर्ड मेंटेन करना होगा।
एजेंसी बांटेगी राशन, प्रशासन की ओर से मिलेगा सुरक्षाकर्मी
जारी आदेशों में कहा गया है कि राशन के वितरण के समय सोशल डिस्टेंसिंग और भारत सरकार की ओर से जारी किए गए अन्य निदेर्शों का पालना करना होगा। इसके अलावा रोजाना की रिपोर्ट तैयार की जाएगी और अधिकारियों का रूटीन प्लान भी बनाया जाएगा। हर टीम के साथ सुरक्षा कर्मी भी उपस्थित होगा ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। प्रशासन ने साफ किया है कि जो भी एजेंसी फाइनल की जाएगी, उसे 10 अगस्त के बाद इसका काम शुरू करना होगा। इसके साथ ही कहा है कि अगर वितरण प्रक्रिया में किसी तरह की कोई लापरवाही या शिकायत सामने आती है तो सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।