कनाडा के सिख मोटरसाइकिल क्लब के छह बाइकर्स सिख धर्म की संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को दुनिया भर के 22 देशों की यात्रा पर निकले। देश के कई हिस्सों से होते हुए वीरवार को चंडीगढ़ पहुंचे। इन बाइकर्स ने अपने सफर के आखिरी पड़ाव के लिए सिटी ब्यूटीफुल को चुना।
वीरवार को शहर में पहुंचकर इन बाइकर्स ने अपने सफर के अनुभवों को प्रेस क्लब सेक्टर-27 में पत्रकारों से साझा किया। इस दौरान इन बाइकर्स ने बताया कि वह लोग नशा मुक्त पंजाब, खासला ऐड के लिए धन जुटाने की खातिर मोटरसाइकिल पर सफर होकर अभियान पर निकले थे।
अपनी संस्कृति और विरासत को देश-विदेश में पहुंचने के लिए उन्होंने लंबा सफर तय किया। इस दौरान उन्हें कई तरह के अनुभव हुए। कनाडा के रहने वाले बाइकर्स अमनदीप सिंह गरचा, रछपाल सिंह धालीवाल, गुरप्रीत सिंह तुंग और जसपाल सिंह बग्गा ने बताया कि यह सफर उन्होंने तीन अप्रैल को सबसे पहले कनाडा और यूएसए को सड़क मार्ग से पार किया।
फिर इस ग्रुप ने इंग्लैंड के लिए उड़ान भरी। यहां से यह चारों बाइकर्स 40 दिनों से भी कम समय में भारत (पंजाब) तक पहुंचने के उद्देश्य से सड़क पर बाइक से यात्रा करते रहे।