गांव सराभा में छठे विश्व कबड्डी कप के दूसरे दिन का आगाज रंगारंग कार्यक्रम से हुआ। कृषि मंत्री तोता सिंह मुख्यातिथि मौजूद रहे। उनके साथ विधायक मनप्रीत अय्याली, हीरा सिंह गाबडिय़ा, डिप्टी कमिश्नर रवि भगत, हरबीर अय्याली विशेष रुप से उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं कलाकारों ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया। पुरुष व महिला वर्ग में भारतीय टीम ने अपनी धाक जमाते हुए अपना परचम लहराया। इस दौरान पुरुष वर्ग में भारत, इंग्लैंड, कनाडा की टीम विजेता रही।
महिला वर्ग में भारतीय टीम विजेता रही। पहला मुकाबला इंग्लैंड बनाम स्वीडन (पुरुष वर्ग) के बीच खेला गया। इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने 57-23 अंकों के अंतर से मुकाबला अपने नाम किया। इंग्लैंड टीम के स्टापर कंवलदीप सिंह रियाड़, रेडर निरविंदर सिंह बग्गा, अवतार सिंह बल्ल और गुरदेव सिंह ने अधिक अंक अर्जित कर टीम को जीत दिलाई।
भारतीय पुरुष, महिला टीमों ने जीते मैच
छठा वर्ल्ड कबड्डी कप
दूसरा मुकाबला भारत बनाम सियरालिओन (पुरुष वर्ग) की टीम के बीच खेला गया। अंत समय में 46-38 अंकों के साथ भारतीय टीम विजेता रही। भारतीय टीम के मनजोत सिंह गिल, सुलतान, कैप्टन खुशदीप सिंह खुशी, स्टापर लवप्रीत ने अधिक अंक अर्जित किए।
तीसरा मुकाबला श्रीलंका बनाम कनाडा के बीच हुआ। आधे समय में कनाडा 40-18 के अंतर से आगे रहा। अंत में कनाडा की टीम ने यह मुकाबला 60-27 के अंतर से जीत लिया।
कनाडा के रेडर रणजोध सिंह जोधा, अमरजीत पहलवान, इंदरजीत जीता, अमन कुंडी व स्टापर बलजीत सिंह ने अधिक अंक दिलाए। चौथा मुकाबला भारतीय टीम और कीनिया (महिला वर्ग) की टीम में हुआ।
अंत में भारतीय टीम 45-15 के अंतर से विजेता रही। कीनिया की टीम ने हारने के बावजूद भी दर्शकों का खेल के दौरान खूब मनोरंजन किया। भारतीय रेडर सुमन गिल, मीनू, रामबतेरी, हरविंदर कौर मोना, स्टापर सुखदीप कौर, कैप्टर मंदीप कौर, पूर्व कैप्टन सुखविंदर कौर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
जलालाबाद में 17 को होगा विश्व कबड्डी का फाइनल मैच
विश्व कबड्डी कप
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब सरकार की ओर से 6वें डा. बीआर अंबेदकर विश्व कबड्डी कप पुरुष व महिला टीम का फाइनल मैच जलालाबाद के स्टेडियम में 17 नवंबर को खेला जाएगा। मैच की सभी तैयारियां कर ली गई है। यह जानकारी फाजिल्का की डिप्टी कमिश्नर ईशा कालिया ने दी। डीसी ने शनिवार को जलालाबाद खेल स्टेडियम और क्षेत्र का निरीक्षण किया।
शहर की साफ सफाई की जिम्मेदारी नगर कौंसिल के अधिकारियों को दी। खेल विभाग को स्टेडियम में पूरे प्रबंध करने के आदेश दिए। डीसी ने बताया कि स्टेडियम में लोगों के बैठने, पीने के पानी के अलावा प्रत्येक सुविधा का बंदोबस्त किया है।
मैच की तैयारियों के लिए प्रत्येक विभाग के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इस मौके पर एडीसी, एसडीएम व प्रत्येक विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।