चंडीगढ़। आईएसएसएफ वर्ल्ड कप के आखिरी दिन का पदक भी शहर के खिलाड़ी विजयवीर सिंह सिद्धू के नाम रहा। बुधवार को पुरुष वर्ग की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल का टीम इवेंट का मुकाबला खेला गया। भारतीय टीम में शहर के विजयवीर सिंह सिद्धू के साथ अनीश और समीर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक पर निशाना साधा।
आईएसएसएफ वर्ल्ड कप का आयोजन कोरिया में किया गया। इसमें पिस्टल, राइफल, शॉटगन के मुकाबले खेले गए। वर्ल्ड कप में भारत की ओर से शहर से अंजुम के साथ अर्जुन बबूता और विजयवीर सिंह सिद्धू ने हिस्सा लिया। 15 पदक के साथ अंक तालिका में भारत टॉप पर रहा। वर्ल्ड कप में भारत ने पांच स्वर्ण, छह रजत, चार कांस्य पदक हासिल किए। इनमें शहर से अर्जुन बबूता ने दो स्वर्ण, अंजुम मोदगिल ने दो कांस्य, विजयवीर सिद्दू ने एक रजत पदक हासिल किया।
कोच और परिवार ने जताई खुशी
सिल्वर मेडल जीतने पर विजयवीर सिद्दू के कोच दिलीप सिंह चंदेल और मां राणों सिद्दू ने खुशी जताई। कोच ने कहा कि विजयवीर भारतीय शूटिंग टीम का युवा खिलाड़ी है। पंजाब यूनिवर्सिटी की शूटिंग रेंज में अभ्यास करता है। वर्ल्ड कप की तैयारी भी इसी शूटिंग रेंज से की थी। मां ने कहा कि बेटे की मेहनत सफल हुई है।
विजयवीर सिद्धू की पिछले तीन साल की उपलब्धियां
25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल टीम इवेंट में रिकॉर्ड व स्वर्ण पदक।
मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल के एकल वर्ग में स्वर्ण पदक।
25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल के टीम मुकाबले में स्वर्ण पदक ।
25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल मिक्स इवेंट में रजत पदक।
25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल के एकल वर्ग में सिल्वर पदक ।
25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल के टीम इवेंट में स्वर्ण पदक।
50 मीटर फ्री पिस्टल के एकल वर्ग में स्वर्ण पदक।