क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का मैच भले ही 15 फरवरी को आस्ट्रेलिया के एडीलेड में खेला जाना है। मैच का अभी से इतना क्रेज है कि आप चौंक जाएंगे। इसे लेकर दोनों देशों के दर्शकों में इतना उत्साह है कि एडीलेड के आठ किलोमीटर एरिया तक के सारे होटल बुक हो चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया से विवेक शर्मा ने इसकी जानकारी दी।
मूल रूप से पंचकूला के रहने वाले विवेक पिछले 10 साल से आस्ट्रेलिया में रह रहे हैं और वहां उनके होटल व रेस्टोरेंट हैं। विवेक ने बताया कि इस मैच को लेकर सभी टिकट पहले ही बिक चुके हैं। वहां रहने वाले भारतीय दर्शक भी इस मैच के टिकट कई महीने पहले ऑनलाइन बुक कर चुके हैं।
होटलों में इंडियंस के लिए खास डिशेज
विवेक ने बताया कि एडीलेड में कई देशों से भारतीय दर्शक यह मुकाबला देखने पहुंच रहे हैं। स्टेडियम के कई किलोमीटर के दायरे में सभी होटल बुक हो चुके हैं। मैच देखने आने वाले भारतीय प्रशंसकों के लिए उनके स्वाद के अनुसार व्यंजन परोसने के लिए होटल मालिकाें ने कमर कस ली है। पंजाबियाें के लिए खासतौर पर पालक पनीर, बटर चिकन, कड़ाही चिकन, कड़ाही पनीर का इंतजाम किया गया है।
भारत-पाक कम्यूनिटी ने खेला फ्रेंडली मैच
दो दिन पहले वहां रहने वाले भारतीय कम्यूनिटी और पाकिस्तानी कम्यूनिटी के लोगों के बीच दोस्ताना वन-डे मैच खेला गया। इसे देखने के लिए भी काफी संख्या में दर्शक पहुंचे। इस मैच में भारत की क प्तानी विवेक शर्मा और पाकिस्तान की कप्तानी हुमायूं ने की। इस मैच को भारतीय कम्यूनिटी ने सात विकेट से जीत लिया।