ट्राइसिटी में मेट्रो प्रोजेक्ट को तय समय पर पूरा करने के लिए यूटी प्रशासन ने काम में तेजी शुरू कर दी है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (डीएमआरसी) की रिवाइज्ड डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) यूटी प्रशासन को मिल चुकी है।
इस संबंध में अगले माह तक नोटिफिकेशन जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, यूटी प्रशासन ने रिवाइज्ड डीपीआर को लागू करने के लिए अगले हफ्ते तक यूटी, पंजाब और हरियाणा के अधिकारियों की मीटिंग बुलाने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार तीनों की सहमति के बाद नोटिफिकेशन जारी कर रिपोर्ट मिनिस्ट्री ऑफ अर्बन डेवलेपमेंट के पास अगली कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी।
गौरतलब है कि नई डीपीआर में मेट्रो की लागत को 10,888 करोड़ से बढ़ाकर 13909 करोड़ अनुमानित बताया गया है। करीब छह साल पहले 2010 में राइट कंपनी ने मेट्रो की सर्वे रिपोर्ट सौंप दी थी। लेकिन यूटी, पंजाब और हरियाणा में मेट्रो खर्च को लेकर आपसी सहमति नहीं बन पाई।
आखिर में 9 जुलाई को मेट्रो को लेकर एमओयू साइन किया गया। जल्द ही मेट्रो के लिए स्पेशल पर्पज व्हीकल (एसपीवी) भी गठित किया जाएगा।