कोविड-19 संकट के मद्देनजर दफ्तरों में सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए सरकार ने कर्मचारियों को घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) करने के निर्देश जारी किए हैं।। यह हिदायत पुरुष मुलाजिमों को तो रास आ गई लेकिन महिला कर्मचारी खासकर विवाहित महिलाकर्मियों के लिए समस्या बन गई। करीब एक हजार से ज्यादा महिलाकर्मियों ने पंजाब राज्य महिला आयोग को शिकायत भेजी है कि वर्क फ्रॉम होम के दौरान पति और सास उन्हें इस बात के लिए परेशान कर रहे हैं कि वे घर के काम भी करें।
पति और सास के इस रवैये के चलते ज्यादातर घरों में घरेलू झगड़े बढ़ने लगे हैं। महिला आयोग की चेयरपर्सन मनीषा गुलाटी ने बताया कि महिलाकर्मियों का कहना है कि घर से ड्यूटी करते हुए उन्हें ऑनलाइन अपने दफ्तर से जुड़े रहना होता है और फाइलों संबंधी काम लगातार जारी रहता है। उनकी सास को यह लगता है कि बहू घर पर है लेकिन घर का कोई काम नहीं कर रही।
यहीं से परिवार में तनातनी शुरू होती है और झगड़े में बदल जाती है। उन्होंने बताया कि सास-बहू और पति-पत्नी के ऐसे झगड़ों की ज्यादातर शिकायतें शहरी इलाकों से आ रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि करीब 1000 से ज्यादा शिकायतें लिखित तौर पर आयोग को मिली हैं जबकि व्हाट्सएप और ई-मेल के जरिये उनके पास करीब 800 शिकायतें पहुंची हैं।
उन्होंने आगे बताया कि आयोग ने शिकायतों के निपटारे के लिए ई-कोर्ट की व्यवस्था शुरू की है और आयोग ऐसे मामलों का जल्द से जल्द निपटारा करने की कोशिश कर रहा है। मनीषा गुलाटी ने यह भी बताया कि उन्होंने महिला कर्मचारियों की उक्त शिकायतों के बारे में मुख्यमंत्री को भी अवगत कराया है, जिस पर मुख्यमंत्री ने डीजीपी को उपयुक्त निर्देश जारी करने को कहा है।