चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर सोशल वर्क ने इमरजिंग एरिया बिल्डिंग में कनाडा में सोशल वर्क प्रोफेशन की आवश्यकता और दायरे पर सत्र का आयोजन किया। पीयू डीन रिसर्च प्रो. सुधीर कुमार ने छात्रों को सामाजिक कार्य में लोगों से जुड़ने के लिए स्थानीय भाषा की सेवा और महत्व के बारे में बताया। नई भाषाएं सीखना अच्छा और महत्वपूर्ण है, लेकिन मातृभाषा से जुड़े रहना जरूरी है।
कनाडा के विनिपेग शहर की काउंसलर देवी शर्मा ने कनाडा में सामाजिक कार्य करने के लिए किफायती आवास, अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के लिए विशेष सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। सामाजिक कार्यकर्ता सुशील शर्मा ने छात्रों को अपनी संस्कृति और भाषा से जुड़े रहने के लिए प्रोत्साहित किया। चंडीगढ़ के पूर्व मेयर और सीनेटर देवेश मोदगिल ने पीयू से शुरू हुए अपने राजनीतिक सफर के बारे में बताया।
उन्होंने प्रभावी नीति निर्माण और नीति कार्यान्वयन के लिए जन भागीदारी पर ध्यान केंद्रित किया। छात्रों को एमए के बाद राजनीति में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया, जिससे वे जमीन पर समुदाय के साथ काम कर सकें। इसमें पीजी के छात्रों और शोधार्थियों ने हिस्सा लिया। विभाग के अध्यक्ष डॉ. गौरव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। विभाग की प्रोफेसर मोनिका मुंजियाल सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव दिया।