नए मतदाताओं के लिए मॉडल बूथ पर कॉलेज ने लगाया मेकअप कैंप।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि ऐसे मतदान केंद्र सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल फिल्लौर, सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल तहसील बाजार नकोदर, सरकारी एलिमेंटरी स्कूल सबोवाल, आर्य मॉडल स्कूल करतारपुर, मिंटगुमरी गुरु नानक पब्लिक स्कूल आदर्श नगर जालंधर, डेवीएट संस्थान कबीर नगर, गुरु अमरदास स्कूल, जूनियर विंग गुरु तेग बहादुर नगर जालंधर और सरकारी प्राइमरी स्कूल भोगपुर में भी स्थापित किया गया है, जहां महिला टीम द्वारा पूरा प्रबंधन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के साथ-साथ मतदाताओं के मतदान के अनुभव को बढ़िया बनाना है। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इसके इलावा मतदाताओं के लिए मतदान प्रक्रिया को रोमांचक बनाने के उद्देश्य से जिले भर में 45 मॉडल मतदान केंद्र भी स्थापित किए गए है, जहां मतदाताओं को विशेष सुविधाएं प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र में गुलाब देवी रोड पर पिंगलवाड़ा घर में एक विशेष मतदान केंद्र बनाया गया है, जिसे दिव्यांगों ने संचालित किया।
पूर्व बीएसएफ अधिकारी वोट डालने पहुंचा तो बता दिया मृत
एक तरफ आयोग बढ़-चढ़कर मतदान के लिए प्रेरित कर रहा है तो दूसरी ओर वोट डालने पहुंचे व्यक्ति का मजाक बना दिया। जालंधर कैंट में बीएसएफ के पूर्व असिस्टेंट कमांडेंट इकबाल सिंह जब पोलिंग बूथ के अंदर पहुंचे तो उस लिस्ट में उन्हें मृत बता दिया गया। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करने की बात कही। बोले मेरे जिंदा होते हुए मृत बताने वाले अधिकारी-कर्मचारी कौन हैं और ऐसा कर उन्हें कितना फायदा हो गया।
प्रचार में ईद का चांद नेता जी... सिर्फ बूथ पर विक्ट्री चिन्ह दिखाते रहे
चुनाव प्रचार से गायब रहे पूर्व मेयर जगदीश राज राजा कांग्रेसी उम्मीदवार के साथ विजय नगर स्थित बूथ पर बैठकर लोगों से वोट डालने की अपील करते और विक्ट्री चिन्ह दिखाते नजर आए। उपचुनाव में कहीं भी मेयर रहे जगदीश राज राजा को चुनाव प्रचार करते नहीं देखा गया। पांच साल में नगर निगम ने ऐसे कोई काम नहीं किया, जिसे गिनाकर मेयर राजा वोट मांग सकते।
बुजुर्गों व दिव्यांग मतदाताओं में दिखा उत्साह
बुजुर्गों व दिव्यांग वोटरों में काफी जोश देखने को मिला। इस दौरान बुजुर्ग व्हीलचेयर पर पोलिंग बूथ पर पहुंचे और अपने मत का इस्तेमाल किया। इस दौरान उनके साथ आए पारिवारिक सदस्यों ने उन्हें वोटिंग बूथ तक पहुंचाया। मोहल्ला करार खां के वोटिंग बूथ पर पहुंचे 100 वर्षीय बुजुर्ग परकाश सिंह ने कहा कि वह हर हाल अपने वोट का इस्तेमाल करते हैं। कुछ भी हो अगर आप वोटिंग बूथ तक आ सकते हो तो आपको वोट जरूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं तो फिर भी चलकर आया हूं लेकिन मैं उन बुजुर्ग साथियों के हौसले की तारीफ करता हूं जो कि चल नहीं सकते लेकिन फिर भी वोट करने आए हैं।
बुजुर्गों के अलावा दिव्यांग वोटरों का हौसला भी देखते ही बना। पोलिंग बूथ पर वोट करने पहुंची मूलरूप से बिहार व अभी मोहल्ला करार खां की रहने वाली बबिता ने कहा कि उसकी बेटी चल-फिर नहीं सकती लेकिन उसमें वोटिंग करने को लेकर काफी उत्साह था। इसलिए वह उसे व्हीलचेयर पर बैठा कर खुद वोटिंग करवाने आई हैं। बबिता ने कहा कि ऐसा ही जज्बा हर दिव्यांग में होना चाहिए।