शराब के ठेके पर आज तक आपने कई बार बवाल होते देखा होगा, लेकिन ठेके पर महिलाओं का बवाल कभी नहीं देखने को मिला होगा। महिलाओं का कहर ठेके पर टूटा, तो वहां मौजूद लोग भी बहती गंगा में हाथ धोने में लग गए। पानीपत की बतरा कॉलोनी में शराब के ठेके पर महिलाओं ने हल्ला बोल दिया। उन्होंने ठेके अंदर रखी पेटियां बाहर फेंक दीं और शटर तोड़ दिया।
इस दौरान कुछ लोग शराब की पेटियां उठाकर भाग गए। कई घंटे तक चले हंगामे के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंचे थाना माडल टाउन प्रभारी ने लोगों को समझाकर शांत किया। इस मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी ले लिया। बाद में समझौता होने पर सभी को चेतावनी देकर छोड़ दिया। बतरा कॉलोनी के ठेके पर तीन दिन पूर्व भी विवाद हुआ था। बतरा कॉलोनी के ठेके पर मंगलवार दोपहर को दर्जनों महिलाएं और लोग पहुंच गए।
सभी ने वहां विरोध जताना शुरू कर दिया। इस बीच कुछ लोगों ने महिलाओं को आगे करते हुए ठेके के अंदर रखीं शराब की पेटियों और बोतलों को बाहर फेंकना शुरू कर दिया। कुछ लोग तो मौके से पेटियां उठाकर ले गए। इस तरह से बतरा कॉलोनी में कई घंटे तक हंगामा चला। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर थाना माडल टाउन पुलिस पहुंच गई।