हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित अध्यापक पात्रता परीक्षा-2021 से इस बार पुरुषों का मोह भंग हो गया है, जबकि महिलाओं की संख्या दो गुना से भी अधिक रही है। शनिवार और रविवार को हुई तीनों लेवल की परीक्षाओं में कुल 1,87,951 अभ्यर्थी शामिल रहे। इनमें पुरुषों की संख्या 58,391 और महिलाओं की 1,29,560 रही। वहीं, शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने दावा किया है कि सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण और नकल रहित परीक्षा संपन्न हुई है।
यह भी पढ़ें ः रोहतक: पिता ने किया था मंदबुद्धि बेटी से दुष्कर्म, चार माह की गर्भवती होने के बाद ऐसे हुआ खुलासा
रविवार को लेवल-2 और लेवल 1 की परीक्षा हुई। इसमें कुल 117218 परीक्षार्थी शामिल हुए। प्रात:कालीन सत्र में 10.00 से 12.30 बजे तक 140 केंद्रों पर लेवल 1 पीआरटी परीक्षा में 39,708 अभ्यर्थियों में 26,864 महिलाएं व 12,844 पुरुष शामिल हैं। लेवल -2 (टीजीटी) की परीक्षा सांय कालीन 3.00 से 5.30 बजे तक 267 परीक्षा केंद्रों पर हुई। इसमें 77,510 अभ्यर्थियों में से 54,599 महिलाएं व 22,911 पुरुष शामिल हैं। इसी प्रकार, शनिवार को लेवल 3 (पीजी में 70,733) अभ्यर्थियों में 48,097 महिलाएं व 22,636 पुरुष शामिल रहे।
178 उड़नदस्तों ने संभाली कमान
शिक्षा मंत्री ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के लिए 178 प्रभावशाली उड़नदस्तों का गठन किया गया था। इसके अतिरिक्त प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक बोर्ड कर्मचारी प्रतिनिधि एवं उपायुक्त द्वारा नामजद एक-एक प्रशासनिक/राजपत्रित अधिकारी को ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया।
सभी अभ्यर्थियों की वीडियोग्राफी, फ्रिस्किंग बायोमेट्रिक हाजिरी व आइरिस (IRIS) से बायोमेट्रिक डाटा कैप्चरिंग सीसीटीवी कैमरे कंट्रोल रूम में परीक्षाओं की लाइव मॉनिटरिंग शामिल थी। बोर्ड मुख्यालय पर दो कंट्रोल रूम स्थापित किए गए थे, जिसमें एक हाईटेक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया, जहां से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही थी। दूसरे कंट्रोल रूम से मोबाइल व व्हाट्सएप के माध्यम से हेल्पलाइन कंट्रोल की जा रही थी।