इसके बाद महिलाओं ने मंत्री के आवास की ओर जाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस मौके पर महिला अकाली दल की नेता हरजिंदर कौर ने कहा कि इस मामले में जरूरी यह था कि मुख्यमंत्री तुरंत कार्रवाई करते और मंत्री को बर्खास्त करके उसके खिलाफ पर्चा दर्ज किया जाता लेकिन सरकार ने इस मामले पर पर्दा डालने की कोशिश की।
सुखबीर ने किया ट्वीट
अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने मीटू मामले में मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह से मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने एक ट्वीट भी किया। इसमें उन्होंने लिखा, ‘अभी करें। झुकें नहीं। तुर्की में छुट्टियों की बीच अपने शासित राज्य के लिए समय निकालें।’
मुख्यमंत्री के बयान के बाद अब यह मामला खत्म : वेरका
पंजाब कांग्रेस के सीनियर नेता और प्रवक्ता राजकुमार वेरका ने सूबे के एक मंत्री और एक महिला अधिकारी के बीच उठे विवाद को गंभीर माना। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह कार्रवाई कर चुके हैं और इससे महिला अधिकारी भी संतुष्ट हैं। ऐसे में यह पूरा मामला अब समाप्त हो चुका है।
वेरका ने कहा कि यह प्रकरण चार-पांच हफ्ते पुराना है। मुख्यमंत्री द्वारा मामला सुलझाने के बाद न तो महिला अधिकारी ने कोई मुद्दा उठाया है और न ही संबंधित मंत्री के खिलाफ कोई शिकायत मिली है। ऐसे में मंत्री के खिलाफ भविष्य में किसी कार्रवाई का कोई औचित्य नहीं रह जाता।