सुनाम में डीएसपी कार्यालय के समक्ष धरना देते लोग
- फोटो : अमर उजाला
सीआईए स्टाफ ने नशा पकड़ने के लिए सैंसी बस्ती में रहती गुड्डी कौर (52) के घर छापेमारी की। उक्त महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुड्डी कौर के परिजनों व बस्ती के लोगों ने आरोप लगाया कि सीआईए टीम के एक सदस्य ने उक्त महिला को धक्का दिया।
इसी वजह से उसकी मौत हो गई। रोष में सैंसी बस्ती के लोगों ने महिला का शव डीएसपी कार्यालय के समक्ष रखकर रोष जताया और आरोपी टीम सदस्य के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
धरनाकारियों में शामिल गुड्डी कौर के बेटे दीपक सिंह, नगर पार्षद निशान सिंह निशा ने आरोप लगाया कि सीआईए टीम ने छापेमारी के दौरान बस्ती में जोर जबरदस्ती करके बेगुनाह लोगों को परेशान किया है। दीपक ने कहा कि उनके घर से टीम को कोई नशा नहीं मिला और विरोध करने पर टीम सदस्यों ने उनकी मां को धक्का दे दिया।
गुड्डी तुरंत जमीन पर गिर गई। उसे निजी अस्पताल में ले जाया गया लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। दीपक ने मांग की कि उसकी मां की मौत के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। डीएसपी राजेश स्नेही ने कहा कि उक्त मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। कोई मुलाजिम दोषी पाया गया तो कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।