महिला ने ससुरालियों से मांगे पैसे
- फोटो : iStock
लुधियाना में एक महिला ने आपसी सहमति से तलाक लेने के बाद दोबारा पति से शादी की और फिर उसके विदेश जाते ही अपने बच्चों को मायके ले गई। इसके बाद उसने अपने ससुराल वालों से बच्चों को वापस भेजने के लिए दो करोड़ रुपये मांगने शुरू कर दिए। विवाहिता के पिता ने भी उसे रोकने के बजाय उसका साथ दिया।
पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत थाना पीएयू पुलिस के पास की। पुलिस ने जांच के बाद रिशी नगर के रहने वाले तरसेम लाल जैन की शिकायत पर उनकी बहू राजस्थान के सिवाए माधवपुर के गांव चौथ का बड़वाला निवासी प्रीति बांसल और उसके पिता महावीर प्रसाद जैन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Navjot Sidhu: बीमार पत्नी की तीमारदारी में जुटे नवजोत सिद्धू... अपने हाथों से खिला रहे खाना, देखिए तस्वीरें
तरसेम लाल जैन ने बताया कि उनके बेटे दीपक बांसल की शादी आरोपी महिला प्रीति के साथ 2013 में हुई थी। इसके बाद उनका एक बेटा और एक बेटी हुए। दीपक और प्रीति के बीच घरेलू बातों को लेकर अनबन हो गई और दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया। 2018 में दोनों का आपसी सहमति से तलाक हो गया और बच्चों की कस्टडी दीपक बांसल के पास आ गई।
इसी दौरान प्रीति ने फिर से दीपक से संपर्क किया और दोबारा से शादी कर ली। दोबारा शादी करने के बाद दीपक विदेश चला गया। दीपक के विदेश जाने के बाद पिछले साल अक्तूबर में प्रीति दोनों बच्चों को लेकर अपने गांव राजस्थान चली गई और वहां जाकर ससुराल वालों से दो करोड़ रुपये मांगने लगी। आरोपी महिला ने धमकियां दी कि वह तब तक बच्चों को नहीं देगी जब तक उसे पैसे नहीं मिलते। परिवार वालों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस के उच्चाधिकारियों के पास की। जांच के बाद आरोप सही पाए गए तो पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी लखविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। उनकी तलाश में दबिश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।