फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ममता पड़ी भारी : बच्चा लेकर ड्यूटी दे रही थी महिला पुलिसकर्मी, पहले माना अनुशासनहीनता, अब पुलिस लाइन में तैनाती 

Fri, 19 Mar 2021 10:28 AM IST
निवेदिता वर्मा अमित गुप्ता, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

  • दो सप्ताह पहले वायरल हुआ था गोद में बच्चा लेकर ड्यूटी दे रही महिला पुलिसकर्मी का वीडियो
  • विभाग ने पहले माना था अनुशासनहीनता, अब पुलिस लाइन में किया तैनात
विज्ञापन
बच्चे के साथ ड्यूटी दे रहीं सिपाही प्रियंका। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दो सप्ताह पहले गोद में बच्चा लेकर चंडीगढ़ के एक चौक पर ड्यूटी दे रही महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मी के वीडियो ने सुर्खियां बटोरी थीं। वीडियो के वायरल होने के बाद से महिला पुलिसकर्मी पर अनुशासनहीनता की तलवार लटक रही थी, लेकिन मां की ममता देखकर यातायात पुलिस के अधिकारियों का दिल पसीज गया और कार्रवाई करने के बजाय महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मी को पुलिस लाइन में तैनाती दे दी गई। 

विज्ञापन


बताया जा रहा है कि सेक्टर-26 पुलिस लाइन में भेजने के पीछे एक मकसद यह भी है कि वहां पर शिशु गृह की सुविधा उपलब्ध है। ऐसे में ड्यूटी देने के समय महिला के बच्चे की अच्छे से देखभाल हो सकेगी।चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस में तैनात महिला सिपाही प्रियंका की ड्यूटी छह मार्च को सेक्टर-24 के चौक पर थी। उन्हें सुबह आठ बजे पर चौक पर पहुंचना था लेकिन वह समय पर नहीं पहुंचीं। इंस्पेक्टर गुरजीत कौर ने चौक का दौरा किया तो वह अनुपस्थित मिलीं।

विज्ञापन

इसके बाद मुंशी ने अनुपस्थिति दर्ज कर दी। जब यह बात प्रियंका को पता चली तो वह अपने छह माह के बच्चे को लेकर सेक्टर-29 स्थित चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के मुख्यालय पहुंच गईं और वहां स्टाफ के साथ बहस करने लगीं। जब वहां बात नहीं बनी तो वह अपने बच्चे को लेकर सेक्टर-24 के चौक पर पहुंच गईं और ड्यूटी देने लगीं। इसी दौरान किसी ने उनका वीडियो बना लिया। यह वीडियो वायरल हो गया था।
   
इसकी भनक अधिकारियों को लगी तो उन्होंने प्रियंका की इस हरकत को अनुशासनहीनता मानकर उसके खिलाफ विभागीय जांच खोल दी। जांच की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर गुरजीत कौर को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि सेक्टर-24 चौक पर ट्रैफिक ज्यादा होने पर चार मुलाजिमों की ड्यूटी लगाई थी। इसमें प्रियंका भी शामिल थीं।

ड्यूटी पर समय से नहीं आने पर उनकी अनुपस्थिति दर्ज की गई थी। इस दौरान उन्होंने मुंशी के साथ बहस भी की थी। जांच के बाद अफसरों ने मंथन किया और पाया कि प्रियंका के साथ उनका बच्चा भी है। ऐसे में उन पर कार्रवाई के बजाय उन्हें सेक्टर-26 के पुलिस लाइन में तैनात कर दिया जाए।  
  
महिला सिपाही का बच्चा अभी काफी छोटा है। ऐसे में उनकी ड्यूटी पुलिस लाइन में लगाई गई है, जहां पर वह ड्यूटी देने के साथ अपने बच्चे की अच्छे से देखरेख कर सकती हैं।  -एसपीएस सोंधी, डीएसपी व्यवस्थापक यातायात पुलिस  
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें