चंडीगढ़। पीजीआई में 7 दिसंबर से 6 जनवरी तक विंटर वेकेशन (सर्दियों की छुट्टियां) शुरू हो गए हैं। इस दौरान मरीजों को इलाज में कोई बाधा न आए, इसके लिए पीजीआई प्रशासन ने शिक्षकों व फैकल्टी का विस्तृत ड्यूटी रोस्टर जारी किया है। आदेश के अनुसार हर संकाय सदस्य को छुट्टियों के दौरान लगातार 15 दिन अनिवार्य रूप से ड्यूटी देनी होगी।
यही वजह है कि प्रशासन ने मरीजों और उनके परिजनों को सलाह दी है कि ओपीडी आने से पहले पीजीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित विभाग व डॉक्टर की उपलब्धता अवश्य चेक कर लें। विंटर वेकेशन के लिए ड्यूटी की योजना दो चरणों में बनाई गई है।
पहला चरण 7 से 21 दिसंबर तक और दूसरा चरण 23 दिसंबर 2024 से 6 जनवरी 2025 तक प्रभावी रहेगा।
नोटिफिकेशन में एनेस्थीसिया, कार्डियक एनेस्थीसिया एवं इंटेंसिव केयर, एनाटॉमी, बायोकेमिस्ट्री, बायोफिजिक्स, कार्डियोलॉजी, पीडियाट्रिक्स गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, यूरोलॉजी, वायरोलॉजी, फिजिकल एवं रीहैबिलिटेशन मेडिसिन और नर्सिंग एजुकेशन जैसे विभागों के डॉक्टरों की विस्तृत ड्यूटी सूची शामिल है। पीजीआई प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छुट्टियों के दौरान किसी भी फैकल्टी सदस्य को सम्मेलन या बाहरी कार्यक्रम में तभी भाग लेने की अनुमति होगी जब यह निर्धारित अवकाश अवधि में आए ताकि विभागीय ड्यूटी प्रभावित न हो। प्रशासन का उद्देश्य छुट्टियों के दौरान मरीजों की सुविधाओं को सुचारू बनाए रखना है।