नीलोखेड़ी। नीलोखेड़ी के गांव पंडेर में बुधवार देर शाम एक शराब ठेके के कारिंदे की हत्या कर दी गई। कारिंदे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
गांव पंडेर का दिलबाग (45) गांव में ही स्थित शराब के ठेके पर कारिंदा था। बुधवार देर शाम को वह ठेके पर अकेला था। इस दौरान तीन युवक बाइक पर सवार होकर आए। उनकी दिलबाग से किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसके बाद इन युवकों ने कारिंदे पर हथियारों से हमला कर दिया।
इस हमले में दिलबाग गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का पता चलने पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा होना शुरू हो गए जिसके चलते बदमाश मौके से फरार हो गए। लोगों ने घायल दिलबाग को मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पहुंचाया और वारदात की सूचना घायल के परिजनों को दी। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में इलाज के दौरान दिलबाग ने दम तोड़ दिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। समाचार लिखे जाने तक नीलोखेड़ी पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।