जैन कालोनी इलाके में कुछ दिन पहले सीमा शर्मा की बेटी पर पिस्तौल तान लूट का मामला महज एक ड्रामा निकला।
सीमा शर्मा ने अपने आशिक को जेवरात दे सारा लूट का ड्रामा रच दिया ताकि उसके पति को इसके बारे में पता न चल सके। पुलिस द्वारा जांच के बाद सारा मामला खुल कर सामने आया।
इस मामलें में पुलिस ने सीमा शर्मा व उसके आशिक दीपक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जबकि सीमा शर्मा की शिकायत पर दर्ज किए गए मामले को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने सीमा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका आशिक दीपक अभी फरार है।
एडीसीपी 4 स्वप्न शर्मा व एसीपी पूर्वी रमनीश चौधरी ने कहा कि दीपक करीब दो वर्ष से जैन कालोनी में सीमा शर्मा के पड़ोस में अपने भाई के साथ किराए के मकान में रह रहा था।
इसी दौरान उसके सीमा शर्मा के साथ प्रेम संबंध बन गए। इसी दौरान दीपक ने सीमा को एक मोबाइल फोन गिफ्ट दिया। सीमा अपने पति से फोन छिपा उस फोन से सिर्फ दीपक से ही बाते करती थी। कुछ दिन पहले दीपक ने सीमा से कुछ रुपये उधार के तौर पर मांगे।
सीमा ने पैसे न होने के एवज में करीब दो सप्ताह पहले उसे अपने 16 तोले जेवरात दे दिए। इसी दौरान सीमा के पति ने उससे जेवरात मांग लिए। इसी बात को लेकर सीमा परेशान हो गई। उसने लूट का एक ड्रामा रचा।
एडीसीपी स्वप्न शर्मा ने कहा कि सीमा ने पुलिस के पास दर्ज कराई शिकायत में कहा कि 20 फरवरी की रात को वह अपनी बेटी के साथ दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में सो गई. जबकि उसका पति पहली मंजिल पर सो गया। देर रात को किसी ने उसका कमरा खटखटाया। उसने सोचा कि उसका पति है तो उसने दरवाजा खोल दिया।
इसी दौरान नकाबपोश दो व्यक्ति कमरे में घुस आए और उन्होंने उसकी बेटी की कनपट्टी पर रिवाल्वर तान दी और कहा कि बिना शोर किए घर में जो जेवरात या फिर नकदी पड़ी है लेकर आए।
सीमा ने अलमारी में पड़े जेवरात दोनों के हवाले कर दिया। उनके जाने के बाद सीमा ने अपने पति को उठाया तो पुलिस को सूचना मिली। एडीसीपी स्वप्न शर्मा ने कहा कि शक होने पर पुलिस ने आरोपी महिला से पूछताछ की तो सारा मामला सामने आया। पुलिस ने सीमा की निशानदेही पर दीपक की बुआ के घर से जेवरात उठवाए। पुलिस सीमा शर्मा से पूछताछ कर दीपक की तलाश में जुटी हुई है।