बुडै़ल निवासी महिला ने घरेलू कलह के कारण अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं महिला ने पुलिस को गुमराह किया कि उसके पति ने आत्महत्या की है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हुआ कि मनीराम की गला घोंट और सिर पर वारकर हत्या की गई है।
सेक्टर 34 थाना पुलिस ने आरोपी पत्नी राधा (30) के खिलाफ आईपीसी 302 के तहत मामला दर्ज कर उसे तब दबोच लिया जब वह मां से मिलने अपने घर पहुंची थी। वारदात बीते मंगलवार की है। बुड़ैल में मनीराम पत्नी राधा और 8 व 7 वर्षीय दो बेटों के साथ रहता था। वहां पेंटर का काम करता था।
मंगलवार को राधा अपने पति मनीराम को सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर की सूचना पर पहुंची बुडै़ल चौकी पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। राधा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके पति मनीराम ने आत्महत्या की है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मनीराम के सिर पर कुछ चोट के निशान भी हैं। इसके बाद उसका जीएमएसएच 16 में पोस्टमार्टम करवाया गया। जहां रिपोर्ट में सामने आया कि मनीराम के सिर, छाती पर वारकर उसका गला घोंटा गया है। इसके बाद पुलिस ने राधा की तलाश शुरू कर शुक्रवार को बुडै़ल से उसे गिरफ्तार कर लिया। सेक्टर 34 थाना पुलिस ने मनीराम के चचेरे भाई बृजेश कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया।
शराब पीने का था आदी, रोजाना होती थी अनबन
आरोपी पत्नी राधा को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस जांच में सामने आया कि मनीराम शराब पीने का आदी था। आए दिन घरेलू कलह होती रहती थी। मंगलवार को भी रोजाना की तरह दोनों में लड़ाई हो रही थी। इस दौरान राधा ने मनीराम को मौत के घाट उतार दिया। मनीराम और राधा की शादी वर्ष 2011 में हुई थी। दोनों मूलरूप से यूपी के जिला हरदोई के रहने वाले थे।