चंडीगढ़। सेक्टर 39 थाने की हवालात से फरार हुए साइकिल चोर के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आ रही है। हवालात की सलाखें इतनी कमजोर थीं कि दुबले पतले चोर ने उन्हें न केवल उखाड़ा बल्कि मोड़ भी दिया। इसके बाद आसानी से उनके बीच से फरार हो गया। किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। हालांकि एसएसपी ने थाना प्रभारी अशोक कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है जबकि एएसआई बीरमती और सिपाही गीता को निलंबित किया गया है। थाने की जिम्मेदारी सिक्योरिटी विंग में तैनात निरीक्षक जुलदान को दी गई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोमवार रात 12 और सवा 1 बजे के बीच साइकिल चोर दिवेश फरार हुआ। सलाखों को तोड़ता हुआ वह सीसीटीवी में भी दिख रहा है। उसने सलाखों को पहले नीचे से उखाड़ा। इसके बाद पैर रखकर पीछे की तरफ मोड़ दिया। फिर रेंगते हुए नीचे से निकल गया। अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज देेखने के बाद ही पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की है। सूत्रों ने बताया कि संतरी अपनी ड्यूटी के दौरान तैनात था, फिर भी चोर चकमा दे गया।
एएसआई व महिला सिपाही थीं ड्यूटी पर
जिस समय यह चोर भागा तब थाने मेें एएसआई व महिला सिपाही तैनात थीं। रात लगभग डेढ़ बजे उन्होंने थाना प्रभारी अशोक को फोन करके सूचना दी कि साइकिल चोर भाग निकला है। उसके बाद थाना प्रभारी पहुंचे। चोर को काफी तलाश किया गया मगर वह नहीं मिला।
दुबले पतले चोर ने कैसे मोड़ दीं सलाखें
पुलिस विभाग में यह चर्चा जोरों पर है कि एक दुबले पतले चोर ने आखिर लोहे की सलाखें कैसे मोड़ दीं। इसमें उसकी किसी ने मदद तो नहीं की। कहीं ऐसा तो नहीं किसी उपकरण की मदद से सलाखें कमजोर कर दी गई हों। पुलिस अफसर इस बिंदु पर भी जांच करा रहे हैं।
पुलिस की सुनिए
एसपी सिटी केतन बंसल ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। यदि इसमें किसी पुलिसकर्मी की मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।