ऐसे तो ढूंढते रह जाओगे जनाब...। भारत का गृह मंत्रालय और हरियाणा पुलिस को एक ऐसे व्यक्ति के परिजनों, रिश्तेदारों या परिचितों की तलाश है, जो रमेश नाम के व्यक्ति को जानते हों।
ये रमेश कौन। इसका वास्ता किस जिले से है। देखने में कैसा है। उसकी कद काठी कितनी है। इसके बारे में देश की गृह मंत्रालय जानकारी चाहता है।
दरअसल पाकिस्तान की लाहौर सेंट्रल जेल में बंद भारत वासी एक युवक का नाम रमेश कुमार है। पाकिस्तान की जांच एजेंसियों और पुलिस को अभी तक वह सिर्फ इतना ही बता सका। जबकि इससे ज्यादा वह कुछ भी बताने में असमर्थ है।
भारत के गृह मंत्रालय को पाकिस्तान दूतावास से मिली जानकारी के अनुसार यह शख्स 14 फरवरी 2014 से पाकिस्तान की सेंट्रल जेल में बंद है।
गृहमंत्रालय और हरियाणा पुलिस चाहती है कि अगर कोई भी व्यक्ति रमेश कुमार नाम के उक्त व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी रखता है तो तुरंत गृह मंत्रालय एमएचए दिल्ली से संपर्क करे या जिला सुरक्षा शाखा में भी इसकी जानकारी दे सकता है।
हैरत की बात ये है कि सूचना क्रांति और हाईटेक तंत्र के होते हुए कुरुक्षेत्र पुलिस के पास इस व्यक्ति का ऐसा फोटो है जिसमें उसका चेहरा ठीक से दिखाई तक नहीं देता। पुलिस प्रवक्ता की मानें तो उनके पास मंत्रालय से जो फोटो प्राप्त हुई है उसमें रमेश की फोटो साफ नहीं है।
कुरुक्षेत्र पुलिस के अनुसार उन्हें रमेश की फोटो स्टेट मिली है। चूंकि फोटो में ठीक से व्यक्ति का चेहरा नहीं दिखता। इसलिए मीडिया को उसकी फोटो जारी नहीं की जा सकी।
सवाल ये है कि अगर गृहमंत्रालय और पुलिस रमेश कुमार नाम के इस सख्श के परिजनों, रिश्तेदारों या परिचितों तक इसकी जानकारी पूरी गंभीरता से पहुंचाना चाहती है तो उसका ठीक फोटो अभी तक क्यों उपलब्ध नहीं हो सका।
उधर, मामले की जानकारी देते हुए जिला सुरक्षा शाखा प्रभारी निरीक्षक निर्मल कुमार ने बताया कि भारत सरकार गृह मंत्रालय से एक पत्र प्राप्त हुआ है कि पाकिस्तान की जेल में एक व्यक्ति है जो कि अपना नाम रमेश कुमार व खुद को भारतीय बता रहा है।
वह अपने घर का पता बताने में असमर्थ है। रमेश कुमार की राष्ट्रीयता को जानने के लिए पाकिस्तान सरकार ने एक पत्र लिखकर अवगत कराया है। रमेश कुमार की आयु लगभग 20 वर्ष है।
बाल काले हैं। अगर कोई इस युवक की जानकारी हासिल करना चाहता है तो वह गृह मंत्रालय दिल्ली से संपर्क करे या जिला सुरक्षा शाखा से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सुरक्षा प्रभारी के मुताबिक मंत्रालय से जो फोटो प्राप्त हुई है साफ नहीं है। इसलिए रमेश की फोटो को जारी नहीं किया जा सका।