दुकान में बैठी मां के सिर पर मारे डंडेपत्नी और दोस्त को भी किया घायल
25 अज्ञात व चार लोगों पर मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। संते माजरा कॉलोनी में दुकान पर गाली देने से रोकने पर गुस्साए युवकों ने दुकान पर पथराव कर दिया। इस हमले में दो महिलाएं और एक व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गए। घायलों में पुष्पा देवी, लियाकत अली व ललिता रानी शामिल है। हमलावरों ने पुष्पा देवी के सिर पर डंडों से वार किया, जिसका जीएमसीएच-32 में इलाज चल रहा है। पुष्पा देवी के सिर पर में 14 टांके लगे हैं, जबकि इस हमले में घायल हुए लियाकत अली के सिर पर भी 9 टांके लगे हैं। ललिता रानी के पैर व मुंह पर चोटें आई हैं। सभी शिवराज एनक्लेव संते माजरा कॉलोनी खरड़ के रहने वाले हैं।
इस मामले में सिटी खरड़ पुलिस ने घायल पुष्पा देवी के बेटे परवीन कुमार के बयान पर हमलावर आशीष, गोनी, मंगल का लड़का, सुभाष सरपंच का लड़का व 25 अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 323, 506, 148, 149 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी ने बताया कि सभी आरोपी बंगाला बस्ती के रहने वाले हैं और फरार हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
परवीन कुमार ने बताया कि उसके मकान के सामने महाबीर नाम की करियाना दुकान की है। दुकान पर कभी कभी उसकी मां भी बैठती है। बीते दिन उसकी मां दुकान पर बैठी थी और वह बाहर खड़ा था। इसी दौरान स्कार्पियो गाड़ी में आरोपी आए जो दुकान में खड़े होकर गंदी गालियां देने लगे। उसने युवकों से कहा कि अंदर उसकी मां बैठी है वह दुकान में खड़े होकर गालियां न निकाले। इस पर वह भड़क गए और उन्होंने अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। सभी ने गाड़ियों से डंडे निकाले और उन पर कातिलाना हमला कर दिया। उसकी मां पुष्पा देवी के सिर पर डंडे मारे। उसका दोस्त लियाकत अली व उसकी पत्नी ललिता रानी उसे बचाने आई तो उस पर भी हमला कर दिया। हमलावरों ने दुकान के बाहर पड़े पत्थरों को उठाया और मारने लगे। हमलावरों ने मां को पीट-पीटकर बेहोश कर दिया। दुकान का सारा सामान तोड़ दिया और बाद में उन्हें जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। उसने पड़ोसियों की मदद से अपनी घायल मां, पत्नी व दोस्त को जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ में भर्ती करवाया, जहां वह उनका इलाज चल रहा है।