मोहाली फेज आठ स्थित विजिलेंस थाने में बुधवार को अचानक अफरातफरी मच गई। जैसे ही सूचना मिली कि बारह हजार करोड़ के गेहूं घोटाले में पंजाब सरकार व उसके मंत्रियों के खिलाफ शिकायत देने थाने पहुंच रहे हैं, अफसर यहां-वहां भागते नजर आए। एक समय ऐसा आया जब सभी अधिकारी मौके से गायब हो गए।
फिर अचानक पटियाला से डीएसपी केडी शर्मा थाने पहुंचे लेकिन वह भी इस बात पर अड़े रहे कि कांग्रेस नेता अपनी शिकायत डीजीपी विजिलेंस को दें। इस बीच कांग्रेस दल की अगुवाई कर रहे सुनील जाखड़ ने सवाल दागा-आप आरोपियों को बचाना चाहते हैं या छोड़ना चाहते हैं? करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद डीएसपी विजिलेंस मोहाली बलबीर सिंह राणा थाने पहुंचे।
सीनियर अफसरों से बात कर उन्होंने शिकायत लेकर उसका डायरी नंबर लगा दिया। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अगर विजिलेंस ने केस दर्ज नहीं किया तो वह थाने पर धरना देने से भी गुरेज नहीं करेंगे।
शिकायत देने के बाद जाखड़ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि एक ओर किसान आत्महत्या कर रहे हैं, दूसरी तरफ मंडियों में 20 दिनों से बैठे किसानों को एक भी पैसा नहीं मिला है। सरकार ने यह घोटाला कर किसानों के साथ बड़ा धोखा किया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के एक मंत्री ने यह मान लिया है कि इस फंड के पैसे सरकार ने प्रयोग किए हैं।
जाखड ने आरोप लगाया कि सरकार ने गेहूं की खरीद के लिए 12 हजार करोड़ रुपये की रकम तीर्थ यात्रा और संगत दर्शन के माध्यम से अपने चहेतों को ग्रांटें देने में बांट दी। अब कांग्रेस का प्रयास है कि जल्द ही सरकार को जेल यात्रा करवाई जाए। जाखड़ के साथ विधायक बलबीर सिंह सिद्धू, अमरीक सिंह ढिल्लो, मोहम्मद सदीक, परमिंदर सिंह पिंकी, अजैब सिंह भट्टी, तरलोचन सिंह, लखविंदर कौर गरचा, दीपइंदर सिंह ढिल्लों, कुलजीत सिंह बेदी व जसपाल सिंह समेत कई नेता थाने पहुंचे थे।
ट्रकों के नंबर निकले स्कूटर के
जाखड़ ने बताया कैग की साल 2013-14 की रिपोर्ट के मुताबिक गेहूं की खरीद में कई खामियां पाईं गई हैं। सरकार ने खरीद में 3319 ट्रकों का प्रयोग किया है। कैग की रिपोर्ट के मुताबिक 3232 ट्रकों का अब तक कोई सुराग नहीं है। जबकि 87 ट्रकों के बारे में जो जानकारी दी गई। उसमें जो वाहनों के नंबर बताए गए हैं, वे कारों व स्कूटरों के नंबर हैं।
डीएसपी ने छुए जाखड़ के पांव
एक घंटे के इंतजार के बाद जब डीएसपी बलबीर सिंह राणा विजिलेंस थाने पहुंचे तो वह विधायकों को देखकर भावुक हो गए। उन्होंने कांग्रेसी नेता जाखड़ के पांव छू लिए। इस दौरान सभी विधायकों ने डीएसपी राणा को कहा कि वह भी उनकी इज्जत करते हैं।