एक युवक ने धर्म-जाति के बंधन से छूटने के लिए कोर्ट का सहारा लिया और एक साल की लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार उसे कानूनी रूप से ये मंजूरी मिल ही गई। मामला फतेहाबाद के टोहाना शहर का है।
किला मोहल्ला निवासी रवि कुमार ने अनोखी कानूनी जंग जीत ली है। अब यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। रवि ने बताया कि देश में धर्म व जाति के नाम पर हो रही राजनीति को देखते हुए उसने ये फैसला लिया है।
रवि ने दो अलग-अलग याचिकाएं कोर्ट में जनवरी 2017 में अपने वकील राजकुमार सैनी के मार्फत लगाई, जिसमें उसने अपने नाम के आगे धर्म व जाति हटाने की मांग रखी थी। लगभग एक साल तक चली कागजी कार्रवाई के बाद कोर्ट ने उसे धर्म व जाति का नाम अपने नाम से हटाने की आज्ञा प्रदान कर दी।