पश्चिमी विक्षोभ के लगातार सक्रिय रहने पर 6 जून को फिर से मौसम करवट लेगा और तेज अंधड़ के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। इससे पहले 2 जून तक बारिश और 3-4 जून को आंशिक बादल छाए रहेंगे। पांच को मौसम साफ रहेगा। इस दौरान पारा उछलकर 40 तक पहुंच सकता है।
झज्जर: मंडियों में 3.5 लाख क्विंटल अनाज भीगा, आंधी में 18 खंभे टूटे, दो पावर हाउस और 42 फीडर बंद
झज्जर जिले की अनाज मंडियों में करीब 3 लाख क्विंटल गेहूं व करीब 50 हजार क्विंटल सरसों खुले आसमान के नीचे पड़ी है। जिले में हुई बारिश के कारण अनाज मंडियों में खुले आसमान के नीचे पड़ा अनाज भीग गया है। अनाज भीगने की वजह से खराब होता जा रहा है। वहीं क्षेत्र में 24 घंटे में चार बार आई आंधी के कारण जिले के 2 पावर हाउस व 42 फीडर बंद रहे और पेड़ गिरने से 18 खंभे टूटे। जिसकी वजह से शहर सहित आसपास के गांव की करीब 10 घंटे बत्ती गुल रही।
जींद: मंडियों में भीगे डेढ़ लाख गेहूं के बैग
शुक्रवार को हुई बारिश से जिले की मंडियो में खुले में पड़े डेढ़ लाख गेहूं के बैग भीग गए। वहीं गुरुवार रात में आए तूफान से जिले में 200 बिजली के खंभे गिर गए। शुक्रवार शाम को हुई बारिश से जहां गलियों में पानी भर गया, वहीं पर कुछ घरों में भी पानी घुस गया।
भिवानी में गुरुवार की रात आए अंधड़ से जिलेभर में 350 बिजली के पोल और सैकड़ों पेड़ टूट गए। ग्रामीण क्षेत्रों में रातभर बिजली गुल रही। वहीं शुक्रवार को झंकार रोड पर लघु सचिवालय परिसर के सामने सफेदे का पेड़ सिटी एसएचओ की गाड़ी पर जा गिरा। इससे 11केवी बिजली की लाइन भी टूट गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई पुलिस कर्मचारी हताहत नहीं हुआ।
चरखी दादरी: मंडी में अनाज के 50 हजार बैग भीगे
मौसम के करवट बदलने के चलते गुरुवार रात और शुक्रवार शाम हुई बारिश में अनाज मंडी में रखे अनाज के करीब 50 हजार बैग भीग गए। आढ़तियों के अनुसार तो करीब 90 फीसदी बैग सरसों और दस फीसदी गेहूं के भीगे हैं।
रेवाड़ी: अंधड़ में 100 से अधिक बिजली के खंभे टूटे
शुक्रवार को तेज अंधड़ के बाद बारिश व ओलावृष्टि हुई। इससे जिलेभर में 100 से अधिक बिजली के पोल गिर गए। सड़क व रेल मार्गों पर पेड़ गिरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात ये रहे कि शहर में चार घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही।