सावन की पहली बौछार ने शहरवासियों को गर्मी और उमस से छुटकारा दिलाया। चंडीगढ़ व आसपास के इलाकों में पांच एमएम बारिश दर्ज की गई है।
उसके बाद चली हवाओं से तापमान में 10 डिग्री की गिरावट आई है। वीरवार शाम छह बजे अचानक से बादल छा गए। उसके बाद एयरपोर्ट साइड की ओर बारिश शुरू हो गई। बादल चंडीगढ़ की ओर बढ़े और सिटी में भी सावन की बौछारें शुरू हो गईं। बारिश के बाद चली हवाओं से मौसम सुहावना हो गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले तीन दिन से दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वीरवार को दिन का तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा था। इसी तरह से रात का तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस नोट किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा था। मौसम विभाग ने बताया है कि 23 जुलाई के बाद फिर से मौसम बदलने की संभावना है। बारिश की संभावना बढ़ रही है। अगले तीन दिन दिन का तापमान 32 से 35 डिग्री व रात का तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
44 प्रतिशत बारिश की कमी
चंडीगढ़ से मानसून पूरी तरह से रूठा है। बारिश में करीब 44 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि अगले दो से तीन दिन अच्छी बारिश हो सकती है। इससे काफी हद तक कमी को दूर किया जा सकता है। अभी भी मानसूनी सीजन काफी बचा है। अगस्त में अच्छी बारिश के संकेत बताए जा रहे हैं।