अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी उम्मीदवार संजीव अरोड़ा को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि उपचुनाव के दौरान लोगों से किए गए हर वादे को हम प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेंगे। मान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत पर पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई। हम पंजाब की तरक्की और खुशहाली के लिए बिना किसी भेदभाव और ईमानदारी से दिन-रात काम कर रहे हैं।
आप की जीत बड़ी बात नहीं, सरकारी मशीनरी का किया दुरुपयोग : वड़िंग
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की जीत में कोई खास बात नहीं है, क्योंकि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए आप ने पूरी सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया है। वड़िंग ने कहा कि पार्टी इन नतीजों पर गंभीरता के साथ मंथन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जमीनी स्तर पर मजबूत है। एक साल पहले हुए आम चुनाव में आप को बड़ी हार का सामना करना पड़ा था, जब पंजाब की 13 संसदीय सीटों में से आप दस हार गई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सात लोकसभा सीटें जीती थीं। उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई जारी रहेगी और हम इसे 2027 में एक निष्कर्ष तक लेकर जाएंगे।
पूरी तैयारी और योजना के साथ 2027 के लिए काम करने का आ गया समय : जाखड़
भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा कि लुधियाना उपचुनाव भाजपा ने पूरी एकजुटता के साथ लड़ा और पार्टी को मिले वोटों से यह संकेत मिलता है कि पंजाब की जनता अब राज्य में आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के अलावा एक ठोस विकल्प की तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि 2027 के लिए पूरी तैयारी और योजना के साथ काम शुरू करने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि आप सरकार ने पूरा चुनाव सरकारी मशीनरी के भरोसे लड़ा, लेकिन मामूली अंतर से ही जीत हासिल कर सकी। आपसी फूट और गुटबाजी से त्रस्त कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है, जबकि अकाली दल इस समय केवल अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ता नजर आ रहा है।
-
सेमीफाइनल जीत लिया, अब फाइनल की बारी : सिसोदिया
लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में जीत पर आम आदमी पार्टी पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने पार्टी उम्मीदवार संजीव अरोड़ा और आप के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग लुधियाना उपचुनाव को सेमी-फाइनल बता रहे थे। आप ने सेमी-फाइनल जीत लिया है और अब सीएम भगवंत मान के नेतृत्व में फाइनल भी जीतेंगे। ये जीत आम आदमी पार्टी के काम की राजनीति की जीत है।सिसोदिया ने गुजरात के विसावदर विधानसभा उपचुनाव में जीत के लिए आप उम्मीदवार गोपाल इटालिया को भी बधाई दी और कहा कि अब वह शेर की तरह गुजरात विधानसभा में दहाड़ेंगे और शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों के मुद्दे मजबूती के साथ उठाएंगे।