यूके और दिल्ली में धूम मचाने के बाद कबड्डी का जादू अब पंजाबियों के सिर चढ़ कर बोलने लगा है। शनिवार को पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में वेव वर्ल्ड कबड्डी लीग के पहले रोमांचक मैच में खालसा वारियर ने पंजाब थंडर को 59-57 अंकों से हरा दिया। पीएयू के पृथ्वीपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में दर्शकोें ने मैच का पूरा आनंद उठाया। इस दौरान पंजाबी गायक प्रीत हरपाल भी मौजूद रहे। उन्होंने सत श्री अकाल कह कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
दो दिन की बारिश के बाद शनिवार को सुबह से ही मौसम काफी अनुकूल था। शाम को स्टेडियम में कबड्डी लीग के मैचों का शुभारंभ हो गया। पहला मैच खालसा वारियर्स और पंजाब थंडर के बीच हुआ। मैच में टॉस खालसा वारियर ने जीता।
लीग कमिश्नर परगट सिंह और कैबिनेट मंत्री सिकंदर सिंह मलूका ने दोनोें टीमों के खिलाड़ियों से परिचय किया और उनका हौसला बढ़ाया। मैच के शुरू से ही दोनों टीमों ने जीत के लिए जम कर पसीना बहाया। हर अंक के बाद विदेशी चीयर गर्ल्स ने जम कर डांस किया।
विश्व कबड्डी लीग में विदेशी तड़के ने सभी को रोमांचित कर दिया। हाफ टाइम तक खालसा वारियर 21-10 अंकों से आगे रहा। मैच के अधिकतर वक्त में खालसा वारियर की टीम ने अपना दबदबा कायम रखा। लेकिन अंतिम पंद्रह मिनट में पंजाब थंडर ने भी कड़ी चुनौती पेश की और मैच के अंतिम क्षणों में एक बार मैच को बराबरी पर ला दिया। लेकिन खालसा वारियर के खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखा कर मैच पर जीत दर्ज की। पंजाब थंडर के खिलाड़ी सुलतान सिंह को मैन ऑफ द मैच खिताब से नवाजा गया।