जीरकपुर। कलगीधर एनक्लेव बलटाना में वोडाफोन कंपनी तार बिछाने का काम कर रही है। इसी दौरान जमीन में ड्रिल करते समय पीने वाले पानी की पाइप टूट गई। पानी कलगीधर एनक्लेव के गेट नंबर-1 से लेकर कालका हाईवे की सर्विस रोड तक बहता रहा। दूसरी ओर बलटाना क्षेत्र के हजारों लोग पीने वाले पानी के लिए तरसते रहे। इस बारे में नगर परिषद के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। पानी को बर्बाद होने से बचाने के लिए आज क्षेत्र के तीन ट्यूबवेल जिनमें से कलगीधर एनक्लेव, गोविंद विहार और बलटाना गांव का ट्यूबवेल सुबह बंद रखा गया। पाइप की मरम्मत करने के बाद ही चालू करने की बात कही गई है। इन ट्यूबवेलों के बंद होने के कारण बलटाना क्षेत्र के कलगीधर मार्केट, पंजाब मॉडर्न कांप्लेक्स, फर्नीचर मार्केट, डिफेंस कॉलोनी, गोविंद विहार और बलटाना गांव की पीने वाले पानी की सप्लाई बंद रखी गई, जिसके चलते लोगों को पीने वाले पानी की किल्लत से जूझना पड़ा। नगर परिषद जीरकपुर के जल सप्लाई विभाग के ठेकेदार का कहना है कि आज नियमों के मुताबिक वोडाफोन कंपनी के सुपरवाइजर द्वारा इस पाइप की मरम्मत का काम शुरू करवाया गया है और उम्मीद है कि आज शाम तक पाइप ठीक हो सकती है।
मंजूरी की अवधि खत्म होने के बावजूद भी वोडाफोन कंपनी खोद रही है सड़क
जिक्र योग्य है कि वोडाफोन कंपनी द्वारा क्षेत्र में तार बिछाने के लिए नगर परिषद जीरकपुर से मंजूरी ली गई थी। नजर काउंसिल द्वारा वोडाफोन कंपनी को पत्र नंबर 1584 दिनांक 3 मार्च 2025 जारी करके तार डालने संबंधी मंजूरी दी गई थी जिसमें यह भी लिखा गया था कि आपके द्वारा पत्र जारी होने के 30 दिन के अंदर-अंदर अपना काम मुकम्मल करके नगर परिषद जीरकपुर को रिपोर्ट जमा करवाई जाए लेकिन मंजूरी की अवधि 3 अप्रैल को समाप्त हो जाने के बावजूद भी 24 अप्रैल को भी वोडाफोन कंपनी द्वारा तार डालने का काम जारी रखा गया है। यहां पर यह सवाल उठता है कि क्या नगर परिषद द्वारा जारी पत्र की अवधि समाप्त होने के बाद भी काम करने पर कंपनी के खिलाफ नगर परिषद अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई की जाएगी।