बचाव ही उपाय है, वरना जान जा सकती है। मौसम कभी भी कहर बरपा सकता है, ऐसे में जरूरी है कि लोग सावधानी बरतें और संभल कर रहें। दरअसल, मौसम विभाग ने देश के कम से कम 13 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों में सोमवार को आंधी-तूफान, भारी बारिश और ओलावृष्टि की आशंका है। गृह मंत्रालय ने भारतीय मौसम विभाग के हवाले से रविवार को इस संबंध में चेतावनी जारी की है।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर सोमवार को आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर भी गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।
असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है। साथ ही गरज के साथ बारिश हो सकती है। पिछले सप्ताह धूल भरी आंधी, तेज बारिश और बिजली गिरने से पांच राज्यों में 124 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 300 से ज्यादा घायल हो गए थे।
क्यों बने तूफान के हालात
केंद्रीय गृहमंत्रालय के अनुसार पश्चिम में दबाव के कारण राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के ऊपर चक्रवात की स्थिति बनी, जिससे गरजने वाले बादल बने। यह पैटर्न यूपी होते हुए बिहार पहुंचा और वहां बंगाल की खाड़ी से नमी मिली। इसी वजह से उच्च तापमान के चलते तूफान जैसा माहौल बन गया।