स्वतंत्रता दिवस पर आतंकी हमलों के मद्देनजर सेना और रेलवे ने हाई अलर्ट घोषित कर रखा है। इसलिए सेना और रेलवे ने अपने-अपने क्षेत्रों में चौकसी को और बढ़ा दिया है। सेना ने अपने इलाके में पड़ने वाले तमाम स्कूलों की 14 से 16 अगस्त तक छुट्टियां कर दी हैं।
इन स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह भी आयोजित नहीं होगा। लोकल मिलिट्री अथारिटी ने ये तमाम निर्देश सभी स्कूलों के प्राचार्यों को भेज दिए हैं। काबिलगौर है कि अंबाला में एयरफोर्स स्कूलों की विभिन्न विंग, आर्मी स्कूल की विभिन्न विंग, चार केंद्रीय विद्यालय, कैंटोनमेंट बोर्ड (सीबी) स्कूल व अन्य प्राइमरी, मिडिल व हाई स्कूल मौजूद है।
इन सभी स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस मनाए जाने की तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही थी। मगर वीरवार को लोकल मिलट्री अथारिटी के निर्देशों में अब इन स्कूलों में चौदह अगस्त से ही छुट्टियां किए जाने के आदेश दे दिए हैं। ये स्कूल अब अपने स्कूलों में आजादी का जश्न नहीं मना पाएंगें। अंबाला में सेना के एक आला अफसर के अनुसार एहतिहातन ये निर्णय लिया गया है, क्योंकि अंबाला के लिए खुफिया एजेंसियों से हाईअर्लट आया हुआ है।
सेना सतर्क, कई सड़कों पर एंट्री बंद: सैन्य सूत्रों के अनुसार अंबाला में चूंकि उतर भारत का सबसे बड़ा आर्मी कैंप है, इसलिए पंद्रह अगस्त को यहां भी आतंकी हमले की पूरी आशंका बनी रहती है। करीबन तेरह बार अंबाला में बम ब्लास्ट किए जाने की धमकी भी आ चुकी है। इतना ही नहीं यहां अंबाला में कुछ आतंकी घटनाएं भी हो चुकी है और अंबाला सैन्य क्षेत्र की जासूसी के आरोप में दो पाक जासूस भी सेंट्रल जेल में हैं।
इसी के चलते सेना ने पूरी तरह सर्तक है और इस दौरान वीरवार शाम के बाद से सैन्य क्षेत्र में उन सड़कों पर एंट्री पूरी तरह बंद कर दी गई है, जहां सेना के मुख्य कार्यालय व यूनिटें हैं। लोगों के आवाजाही के लिए सेना ने स्टाफ रोड व कुछेक अन्य सड़के निर्धारित की है, मगर इन पर भी जबरदस्त नाकाबंदी कर दी गई है।