पंजाब में लोकसभा चुनाव के दौरान अपना हलका छोड़कर दिग्गजों के लिए प्रचार करने वाले कांग्रेसियों पर हाईकमान की गाज गिरेगी।
हाईकमान द्वारा गठित प्रदेश कांग्रेस कोऑर्डिनेशन कमेटी ने सभी नेताओं को हिदायत दी है कि वे फौरन अपने हलकों में पहुंचें और पार्टी के स्थानीय उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करें।
इन नेताओं में विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री तक शामिल हैं। बुधवार को कमेटी की मीटिंग चेयरमैन शमशेर सिंह दूलो की प्रधानगी में हुई।
मीटिंग के बाद प्रेस कांफ्रेंस में दूलो और को-चेयरमैन लाल सिंह ने बताया कि चुनाव के लिए सभी तेरह हलकों में कमेटी द्वारा कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए गए हैं, जो स्थिति पर नजर रखेंगे। ये लोग कहीं भी कोई विरोध कर रहा है, या पार्टी उम्मीदवार के साथ नहीं चल रहा, या फिर किसी दूसरे हलके में प्रचार कर रहा है, तो उनकी रिपोर्ट कमेटी को भेजेंगे। कमेटी यह रिपोर्ट हाईकमान को भेजेगी।
सभी सीनियर नेताओं से कहा गया है कि वे अपने हलकों में रहें, क्योंकि यह जंग हर कीमत पर जीतनी है। किसी के विधानसभा हलके का प्रदर्शन यदि ठीक नहीं रहा तो हाईकमान जवाब-तलब करेगा। उम्मीदवारों के सामने आने वाली समस्याएं हाईकमान की मदद से हल कराई जाएंगी।
मनप्रीत ने अमरिंदर, भट्ठल को मांगा
दूलो ने बताया कि मनप्रीत बादल ने बठिंडा में कैप्टन अमरिंदर सिंह और रजिंदर कौर भट्ठल को प्रचार के लिए मांगा है। उनका कार्यक्रम तय किया जा रहा है। लाल सिंह ने कहा कि विकास और योजनाओं के लिए पैसा नहीं है, इसलिए सरकार ने बजट नहीं पेश किया। नरेंद्र मोदी ने सुप्रीम कोर्ट में दायर पिटीशन वापस नहीं ली। यही कारण है कि पंजाब के लोग उन पर भरोसा नहीं करते। अकाली दल की सच्चाई भी लोगों के सामने आ चुकी है।
हाईकमान के फैसले से संतुष्ट- दूलो
पूर्व प्रदेश प्रधान शमशेर सिंह दूलो भी टिकट न मिलने से नाराज थे। हालांकि, बुधवार को उनका सुर बदला हुआ था। दूलो ने कहा कि हाईकमान ने चुनाव में जो भी जिम्मेदारी दी है, उससे वह पूरी तरह संतुष्ट हैं। टिकट पर उनका हक बनता था, लेकिन अब इस अहम जिम्मेदारी को निभाएंगे। आज तक जो भी दिया, पार्टी ने ही दिया, कई बार चुनाव लड़ाया। एक दलित को पंजाब प्रधान तक बनाया।
लोकसभा हलकों के कोऑर्डिनेटर
पटियाला - ब्रह्म मोहिंद्रा
बठिंडा - अमर सिंह
गुरदासपुर - अरुणा चौधरी
लुधियाना - तेज प्रकाश सिंह
फरीदकोट - अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग
फिरोजपुर - परमिंदर सिंह पिंकी
फतेहगढ़ साहिब - विक्रम बाजवा
खडूर साहिब - हंसराज जोसन
जालंधर - सतनाम कैंथ
होशियारपुर - जसबीर सिंह पाल
अमृतसर - रोशन जोसेफ
आनंदपुर साहिब - राजपाल सिंह