पाकिस्तान की सरपरस्ती वाले आतंकवादी गुट खालिस्तान गदर फोर्स के वांटेड आतंकी जतिंदर सिंह उर्फ बिंदर को सोमवार को संगरूर में गिरफ्तार किया गया। संगरूर पुलिस ने उसे पटियाला पुलिस के हवाले कर दिया है। जतिंदर सिंह पटियाला पुलिस द्वारा पकड़े जा चुके आतंकी शबनमदीप सिंह का साथी है। दोनों अपने पाकिस्तान स्थित आकाओं के इशारे पर मिलकर शराब के ठेकों में आग लगाने की वारदात को अंजाम देते थे। बाद में इन आगजनी की वीडियो अपने आकाओं को भेजकर वे उनसे इसके बाद मोटी रकम लेते थे।
संगरूर के एसएसपी डॉ. संदीप कुमार गर्ग ने बताया कि आतंकी जतिंदर सिंह निवासी समाना को संगरूर पुलिस ने सोमवार को एक गुप्त सूचना पर दिड़बा बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। 28 साल का जतिंदर सिंह दसवीं पास है और जुर्म की दुनिया में कदम रखने से पहले ड्राइवरी करता था। जल्द पैसा बनाने के चक्कर में वह लूटपाट करने लगा। कुछ महीने पहले वह शबनमदीप सिंह के संपर्क में आया। शबनमदीप ने उसे अपने साथ खालिस्तान गदर फोर्स का मेंबर बना दिया। इसके बाद दोनों मिलकर आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने लगे।
एसएसपी ने बताया कि दोनों ने समाना और राजस्थान में शराब के ठेकों को आग लगाने की वारदात को अंजाम दिया था। यह सब वह दोनों अपने पाकिस्तान स्थित आकाओं के इशारे पर करते थे। बाद में इन आगजनी की वीडियो अपने आकाओं को भेजी। पुलिस के मुताबिक जतिंदर सिंह ने राजस्थान में लूट की वारदात को अंजाम देने की भी प्लानिंग बनाई थी।
एसएसपी ने बताया कि एक नवंबर को पटियाला में शबनदीप सिंह पकड़ा गया। तब से जतिंदर सिंह पुलिस से बचता फिर रहा था। वह पंजाब छोड़कर भाग पाता, इससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया। अब उससे इस सारे मामले में पटियाला पुलिस द्वारा गहनता के साथ पूछताछ की जाएगी।