पंजाब के जालंधर में पीएपी में आयोजित भारतीय वायुसेना की भर्ती के दौरान आए युवकों को सोमवार को लाइन में दीवार के साथ खड़ा किया गया था। अचानक पीएपी की दीवार युवकों पर गिर गई। इससे कई युवक जख्मी हो गए। वहीं दीवार के ऊपर लगे कंटीले तार भी बिजली के तार से टकराकर नीचे आ गिरे, जिस कारण कई युवक करंट लगने से झुलस गए। हादसे में राहुल, विशाल, बलविंदर, अभिषेक, हरमन, गुरतेज सिंह, वरिंदर सिंह, रोहित कुमार, विकास, इंदरजीत सिंह, अभिषेक कुमार, पुष्पिंदर, बलविंदर और सचिन घायल हुए।
भर्ती के लिए आए अन्य युवाओं और पुलिस मुलाजिमों ने मिलकर घायलों को संभाला और सभी को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां दो नौजवानों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिस दीवार के साथ युवक खड़े थे, वह दीवार निर्माणाधीन थी। एसीपी सेंट्रल हरसिमरत सिंह ने कहा कि हादसे के दौरान वहां पर पुलिस मुलाजिम मौजूद थे, जिन्होंने तुरंत घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। मामले की जांच की जा रही है।
खुले आसमान के नीचे बिताई रात
मन में देशभक्ति का जज्बा लेकर वायुसेना में भर्ती के लिए विभिन्न जिलों के युवा रविवार रात से ही जालंधर पहुंचने शुरू हो गए थे। प्रशासन द्वारा ठहरने का कोई प्रबंध न किए जाने के कारण सभी युवाओं ने खुले आसमान के नीचे रात बिताई। कई युवाओं ने पीएपी चौक से बीएसएफ चौक तक बने फुटपाथ को अपना बिस्तर बनाया तो कई युवाओं ने गोल आकार के बने बीएसएफ चौक के अंदर डेरा जमाया। कई युवा तो बैंक के एटीएम में जाकर लेट गए। पूरी रात युवाओं को खाने से लेकर पीने के पानी को लेकर परेशानी झेलनी पड़ी।