प्रमाण पत्र सौंपते हुए विधायक कुशलदीप सिंह
विधायक कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों ने शनिवार को ताज पैलेस में जिला स्तरीय किसान कर्जा राहत समागम के दौरान 5123 किसानों को 31 करोड़ 66 लाख रुपये के कर्ज मुक्ति प्रमाण पत्र बांटे। इस दौरान ढिल्लों ने कहा कि अब तक फरीदकोट जिले के 14208 किसानों का 66 करोड़ 45 लाख रुपये का कर्ज माफ किया जा चुका है। अगले चरण में खेत मजदूरों का कर्ज माफ किया जाएगा।
इस मौके पर विधायक ढिल्लों ने कहा कि पंजाब सरकार ने यह स्कीम बिना किसी भेदभाव के लागू की है। कोई भी पात्र किसान को इस स्कीम से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। पंजाब सरकार का उद्देश्य है कि पूरा प्रदेश तरक्की करे जबकि पिछली सरकारों के समय ऐसा नहीं होता था। किसानों के हित में यह ऐतिहासिक फैसला लेने वाला पंजाब देश का पहला राज्य बन चुका है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की तरफ से राजनीति से ऊपर उठकर बिना किसी भेदभाव के किसानों के कर्ज माफ किए जा रहा है। 10 साल तक राज्य में पंथ व किसान के नाम राजनीति करने वाले बादल परिवार ने न तो पंथ के लिए कुछ किया और न ही किसानों की सुध ली। इस मौके पर डीसी राजीव पराशर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजयपाल सिंह संधू, पूर्व विधायक मोहम्मद सदीक, कांग्रेसी नेता भाई राहुल सिंह सिद्धू समेत सहकारी सभाओं विभाग के अधिकारी भी हाजिर हुए।