चंडीगढ़। कोरोना की वजह से इलाज के लिए परेशान मरीजों के लिए राहत भरी खबर है, पीजीआई और जीएमसीएच-32 की ओपीडी सोमवार से फिर खुल रही है। बता दें कि तीसरी लहर के दौरान 10 जनवरी से शहर में ओपीडी बंद कर दी गई थी, जिससे हजारों मरीज परेशान थे। दोनों ही अस्पतालों की ओपीडी में मौके पर आने वाले मरीजों का पंजीकरण कर उन्हें परामर्श दिया जाएगा। हालांकि संक्रमण के खतरे को देखते हुए पीजीआई ने पंजीकरण की समय सीमा केवल एक घंटे ही रखी है। वहीं, जीएमसीएच-32 में तीन घंटे तक मरीज पंजीकरण करा सकेंगे। उधर, जीएमएसएच-16 में सभी विभागों की ओपीडी पहले की तरह संचालित की जाएगी।
पीजीआई प्रशासन ने मौके पर आने वाले मरीजों के लिए सुबह 8 से 9 बजे तक पंजीकरण काउंटर खोलने का निर्णय लिया है। इसके अलावा इमरजेंसी व ट्रामा सेंटर में 24 घंटे मरीज देखे जाएंगे। वहीं, टेलीकंसल्टेशन के माध्यम से मरीजों को ओपीडी में बुलाने का क्रम जारी रहेगा। टेलीकंसल्टेशन के मरीजों के लिए पंजीकरण का समय सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे तक रहेगा। पीजीआई प्रशासन की अपील है कि तय समय के बाद काउंटर पर भीड़ न लगाएं। एक मरीज के साथ एक परिजन ही आएं, जिससे ज्यादा भीड़ न हो।
जीएमसीएच-32 में तीन घंटे तक होगा पंजीकरण
उधर, जीएमसीएच-32 में ओपीडी के मरीजों का पंजीकरण सुबह 8 से 11 बजे तक किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9 बजे से दोपहर एक बजे तक परामर्श दिया जाएगा। वहीं, सामान्य सर्जरी समेत अन्य प्रक्रियाएं भी सोमवार से पहले की तरह संचालित करने का निर्णय लिया गया है।
पीजीआई में टेलीकंसल्टेशन के लिए इन नंबरों पर कॉल करें
न्यू ओपीडी : 0172-2755991
उन्नत नेत्र केंद्र और डीडीटीसी : 0172-2755992
उन्नत हृदय केंद्र : 0172-2755993
उन्नत बाल चिकित्सा केंद्र : 0172-2755994
दंत विभाग : 0172-2755995
प्रसूति विभाग : 7087003434