पंजाब के गवर्नर वीपी सिंह बदनौर और सांसद किरण खेर
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के गवर्नर वीपी सिंह बदनौर और सांसद किरण खेर ने प्रशासन के अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम एक या दो दिन ऐसी मंडी लगाने के लिए कहा है जहां पर सिर्फ ऑरगेनिक उत्पाद ही बिकें। गवर्नर ने इसके लिए जमीन तलाश करने के लिए कहा है। सोमवार को सेक्टर-26 में जैविक खेती पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया जिसमें प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने मुख्य अतिथि के तौर पर भाग लिया।
सांसद किरण खेर ने यह भी कहा कि स्मार्ट सिटी के साथ-साथ चंडीगढ़ को ऑरगेनिक सिटी भी बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि वह तो पहले ही एक ऑरगेनिक मंडी लगाने के लिए प्रशासन को पत्र लिख चुकीं हैं। मालूम हो कि इस समय शहर में हर दिन किसी न किसी जगह पर मार्केट कमेटी मंडी लगाती है लेकिन कहीं पर भी ऑरगेनिक उत्पाद नहीं मिलते हैं।
सेमिनार का आयोजन मार्केट कमेटी और मंडी बोर्ड की ओर से किया गया। इस मौके पर मार्केट कमेटी के सलाहकार परिमल रॉय, चेयरमैन रामवीर भट्टी, डीसी अजीत बाला जी जोशी, ज्वाइंट कमिश्नर वीरेंद्र चौधरी, कमेटी सचिव राजेंद्र कुमार, पर्यावरण प्रेमी राहुल महाजन के अलावा खेती विरासत मिशन के अधिकारी उपेंद्र दत्त ने भी भाग लिया।
आज आ रहे हैं कृषि मंत्री
बुधवार को शहर में कृषि मंत्री राम माधव आ रहे हैं। मार्केट कमेटी के अनुसार मंत्री सेक्टर-26 और 39 में बनने वाली नई मंडी का भी दौरा कर सकते हैं।