वीएलटीडी और पैनिक बटन नहीं तो गाड़ी नहीं होगी पास
परमिट संबंधित वाहनों का कोई काम अब बिना इन दोनों डिवाइस के लगे नहीं होगा। इसको लेकर एसटीए की तरफ से निर्देश जारी कर दिए गए हैं। एसटीए अमित कुमार ने बताया कि मंत्रालय की तरफ से मंजूर 15-16 एजेंसियां हैं जिनके पास से वाहन चालक इन डिवाइस को लगवा सकते हैं। अब डिवाइस के लगने के बाद ही गाड़ियों का पंजीकरण, परमिट, रिनुअल, फिटनेस आदि के सर्टिफिकेट जारी किए जाएंगे।
इन सभी वाहनों में डिवाइस अनिवार्य
सभी सार्वजनिक बसें, सभी प्रकार के टैक्सी-कैब, स्कूल-कॉलेज की बस, सभी प्रकार के इंस्टीट्यूट के वाहन, कारपोरेट ऑफिस की टैक्सी आदि सभी सार्वजनिक वाहनों में वीएलटीडी और पैनिक बटन लगवाना अनिवार्य होगा।
दोपहिया वाहन, ई-रिक्शा और थ्रीव्हीलर को छूट
दोपहिया वाहन, ई-रिक्शा और थ्रीव्हीलर को इससे छूट दी गई है। इन वाहनों की फिटनेस चेकिंग के समय भी विभाग की तरफ से इस सिस्टम को चेक किया जाता है।
ये फायदे होंगे
- एसटीए के पोर्टल पर हमेशा रहेगी टैक्सी-कैब की लोकेशन
- गाड़ी रूट पर चल रही है या नहीं, निगरानी रखना आसान होगा
- महिलाओं और बच्चों के लिए सार्वजनिक परिवहन सुरक्षित होगा
- नियम तोड़ने वाले चालकों की पहचान होगी। हादसे भी रुकेंगे
- गाड़ी की चोरी हुई तो उसे ढूंढना भी आसान हो जाएगा