यूटी प्रशासन ने चंडीगढ़ के अगले एसएसपी के लिए लुधियाना रूरल एसएसपी विवेक शील सोनी का नाम प्रस्तावित किया है। यूटी प्रशासन के गृह विभाग ने मंगलवार को विवेक शील सोनी का नाम केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दिया है। एमएचए अगर मंजूरी देता है तो सोनी शहर के अगले एसएसपी होंगे।
मौजूदा एसएसपी नीलांबरी जगदले का कार्यकाल अगले महीने समाप्त हो रहा है। उन्होंने 22 अगस्त 2017 में चार्ज लिया था। उनके कार्यकाल की समाप्ति से पहले ही नए एसएसपी का चुनाव करना है। प्रशासन चुने हुए नाम को गृह मंत्रालय के पास पास भेजता है, जहां से मंजूरी मिलने के बाद नया एसएसपी ज्वाइन करता है।
शहर के एसएसपी पद के लिए पिछले महीने पंजाब सरकार ने तीन आईपीएस अफसरों के नाम यूटी प्रशासन के गृह सचिव को भेज दिए थे। पंजाब की तरफ से भेजे गए नामों में मोहाली के मौजूदा एसएसपी कुलदीप सिंह चहल, अमृतसर काउंटर इंटेलिजेंस में एआईजी तैनात पाटिल केतन बलिराम व लुधियाना रूरल एसएसपी विवेक शील सोनी के नाम शामिल थे।
सभी अधिकारी अलग-अलग बैच के हैं। चहल 2009 बैच, पाटिल 2010 बैच व सोनी 2011 बैच के अधिकारी हैं। गौरतलब है कि यूटी एसएसपी की पोस्ट पंजाब कैडर के अधिकारी के लिए रिजर्व है। पंजाब पैनल में अधिकारियों का नाम भेजता है, जिसे चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा मंजूर किया जाता है। इसके बाद ही गृह मंत्रालय को आखिरी मंजूरी के लिए भेजा जाता है।
गौरतलब है कि चंडीगढ़ प्रशासन ने करीब तीन माह पहले पैनल के लिए पंजाब को रिक्वेस्ट भेजी थी।