मैच के दौरान व्हीलचेयर पर खेलते खिलाड़ी।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। ऊषा दिव्यांग क्रिकेट लीग के फाइनल मुकाबले शनिवार को खेले गए। तीनों श्रेणियों के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बढ़िया प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफियां जीतीं।
सेक्टर-16 में खेले गए दृष्टिबाधित श्रेणी के फाइनल को देखने के लिए यूटी सेक्रेटरी स्पोर्ट्स केके यादव मौजूद रहे। इस मुकाबले में विजन इलेवन ने टाइगर इलेवन की टीम को 32 रन से हराया। पहले खेलते हुए विजन इलेवन ने निर्धारित 10 ओवर में दो विकेट पर 154 रन बनाए। सूरज ने सबसे अधिक 23 गेंदों में 55 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टाइगर इलेवन की टीम निर्धारित 10 ओवर में 6 विकेट पर 132 रन ही बना पाई। टीम से लकी ने 24 गेंदों में 37 रन बनाए। सूरज को मैन ऑफ द मैच का इनाम दिया गया।
सतलुज को व्हीलर्स इलेवन ने नौ विकेट से दी शिकस्त
व्हीलचेयर श्रेणी के फाइनल में व्हीलर्स इलेवन की टीम ने सतलुज की टीम को 9 विकेट से हराया। पहले खेलते हुए सतलुज की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 3 विकेट पर 138 रन बनाए। टीम से विक्रम ने सबसे अधिक 36 गेंदों में 72 रन बनाए। वहीं रोहित ने 40 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी व्हीलर्स इलेवन की टीम ने 10.1 ओवर में 1 विकेट खोकर 140 रन बनाकर मैच जीत लिया। अफताब ने सबसे अधिक 79 रन बनाए। इस पारी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
साइलेंट हीरोज ने जेहलम इलेवन को आठ विकेट से हराया
मूक-बधिर श्रेणी के फाइनल में साइलेंट हीरोज ने जेहलम इलेवन को आठ विकेट से मात दी। पहले खेलते हुए जेहलम इलेवन ने निर्धारित 10 ओवर में 3 विकेट खोकर 63 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी साइलेंट हीरोज की टीम ने 6 ओवर में 2 विकेट खोकर 64 रन बनाकर मैच जीत लिया।