लाहली में चल रहे हरियाणा-दिल्ली के बीच रणजी मैच में दिल्ली की दूसरी पारी में सहवाग सस्ते में निपटे, गंभीर अर्धशतक से चूक गए। दिल्ली की कुल बढ़त 224 रन की हो गई है और दूसरी पारी में उसके 5 खिलाड़ी आउट होने बाकी हैं।
बुधवार को दिल्ली की दूसरी पारी में पहली पारी के शतकवीर सहवाग सस्ते में निपट गए। जोगेंद्र शर्मा की अंदर आती गेंद पर सहवाग चकमा खा गए और मात्र 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
कप्तान गौतम गंभीर भी फिफ्टी से चूक गए और 48 रन बनाकर कुलदीप हुड्डा का शिकार बने। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दिल्ली ने पांच विकेट के नुकसान पर 134 रन बना लिए हैं।
पहली पारी की 90 रन की बढ़त के आधार पर मेहमान टीम की कुल बढ़त 224 रन हो गई है। हरियाणा की ओर से जोगेंद्र शर्मा ने तीन तो कुलदीप हुड्डा ने दो विकेट झटके।