जकार्ता से लौटते ही गोल्डन गर्ल विनेश फौगाट ने भले ही दिल्ली एयरपोर्ट पर ओपन कार में पहलवान सोमबीर राठी से सगाई कर ली लेकिन उनकी शादी की शहनाईयां बजने में अभी देर है। जल्द शादी की खबरों को अफवाह बता विनेश ने कहा कि पहले वह अक्तूबर माह में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में पहला पदक हासिल करेंगी और फिर अगले साल होने वाले ओलंपिक क्वालीफाई राउंड पर उसका फोकस रहेगा। इन सब के बाद शादी के बारे में घर के बड़े बुजुर्ग जो तय करेंगे वह उन्हें मंजूर होगा।
एशियन गेम्स में भारत के लिए महिला कुश्ती में पहला स्वर्ण पदक जीतने वाली विनशे फौगाट ने जकार्ता से लौटते ही शनिवार रात दिल्ली एयरपोर्ट पर ही रिंग सेरेमनी कर ली थी। इस अंदाज में हुई रिंग सेरेमनी के कारण जल्द शादी के कयास लगाए जा रहे थे। ओलंपिक में विनेश को पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। रविवार को सांगवान और फौगाट खाप की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में विनेश फौगाट ने अमर उजाला से बातचीत करते हुए कहा कि अभी उनके और सोमबीर के परिजनों ने शादी पर कोई विचार नहीं किया है। उसे वर्ल्ड चैंपियनशिप में अभी तक एक भी पदक न जीत पाने का मलाल है। अक्तूबर में वर्ल्ड चैंपियनशिप है, एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने से उसका मनोबल बढ़ा है। विनेश ने कहा कि उसे उम्मीद है कि इस बार वर्ल्ड चैंपियनशिप में पहला पदक जीतेगी। इसके बाद अगले साल होने वाली ओलंपिक क्वालीफाइंग के लिए तैयारी करेंगी।
हरियाणा में नौकरी करने की इच्छा
विनेश फौगाट ने हरियाणा में नौकरी करने की इच्छा जताई है। विनेश ने कहा कि रेलवे भी आगे बढ़ने में खिलाड़ियों की काफी मदद कर रहा है और हरियाणा सरकार भी। अगर उसे हरियाणा सरकार प्रदेश में नौकरी करने का अवसर देगी तो वह इसके लिए तैयार है।
शहर में ही थे कृषि मंत्री, नहीं पहुंचे बधाई देने
जिस समय विनेश फौगाट का सम्मान समारोह शुरू हुआ, ठीक उसी समय कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ की भी शहर में एंट्री हुई। हालांकि मंत्री विनेश को बधाई देने भी नहीं पहुंचे। वहीं, पहले एयरपोर्ट पर किसी मंत्री या अधिकारी के न पहुंचने और फिर रविवार को प्रशासनिक अनदेखी पर विनेश के परिजनों का दर्द भी मीडिया के सामने झलका था।