चंडीगढ़। औद्योगिक क्षेत्र के सिटको व सेक्टर-51 के नगर निगम के पेट्रोल पंप पर धांधली की सूचना पर विजिलेंस ने छापा मारा। करीब दो घंटे तक विजिलेंस की टीम वहां रही। इस दौरान वाउचर समेत अन्य दस्तावेजों को जब्त किया। साथ ही पेट्रोल पंप में तैनात कर्मचारियों से पूछताछ की। टीम को कुछ गड़बड़ी भी मिली है। सूत्रों की मानें तो शुक्रवार को मामले में एफआईआर भी दर्ज हो सकती है।
औद्योगिक क्षेत्र के सिटको व सेक्टर-51 स्थित निगम के पेट्रोल पंप पर सरकरियों गाड़ियों में ईंधन भरा जाता है। विजिलेंस टीम को सूचना मिली कि दोनों पेट्रोल पंप पर सरकारी गाड़ियों में ईंधन डालने के दौरान गड़बड़ी की जा रही है। सूचना पर विजिलेंस एसपी मनोज कुमार मीणा के निर्देश पर डीएसपी दीपक कुमार की अगुवाई में दो अलग-अलग टीमें गठित कर दोनों पेट्रोल पंप पर छापा मारा। जांच के दौरान गाड़ियों में डाले गए ईंधन और पंप के रिकॉर्ड में मिलान करने पर काफी अंतर मिला है।