जालंधर में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट दफ्तर के ताले खुलते ही मंगलवार को चंडीगढ़ से आई स्थानीय निकाय विभाग की विजिलेंस टीम ने छापेमारी की। इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के कर्मचारी इसे ऑडिट की रूटीन चेकिंग बता रहे हैं लेकिन सूत्रों के अनुसार विभाग में हेरफेर की शिकायत के बाद विभागीय विजिलेंस की टीम ने दबिश दी है।
टीम ने ईओ परमिंदर सिंह के दफ्तर से सभी फाइलों को जब्त कर लिया है। सरकार बदलने के बाद जालंधर के किसी विभाग में विजिलेंस की यह पहली दबिश है, जो ट्रस्ट अधिकारियों के साथ चेयरमैन की भी मुश्किलें बढ़ा सकती है। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चली कार्रवाई में जमीनों से जुड़ी सभी फाइलों को मंगवाया और चेक करने के बाद उन्हें अपने साथ ले गए हैं।
इंप्रूवमेंट ट्रस्ट पर पहले भी हेरफेर को लेकर शिकायत दर्ज हुई थी लेकिन तब कांग्रेस की सरकार थी, अब सरकार बदली तो चेयरमैन के कार्यकाल में हुए कार्यों की जांच शुरू हो गई है। इस संबंध में चेयरमैन दलजीत आहलुवालिया के बेटे काकू आहलुवालिया ने कहा कि यह रूटीन चेकिंग है, जोकि करीब 4 वर्षों बाद ऑडिट के लिए आई है। जांच में हरसंभव मदद की जा रही है। ईओ दफ्तर तथा इंजीनियरिंग ब्रांच से जब्त की गई फाइलों के सवालों से वह बचते नजर आए।
कमिश्नर चंद्र गैंद ने पटियाला के डीसी दफ्तर का किया निरीक्षण
पटियाला डिवीजन के कमिश्नर चंद्र गैंद ने मंगलवार को डीसी पटियाला के दफ्तर का निरीक्षण किया। गैंद ने इस मौके पर हिदायत दी है कि डीसी दफ्तर की विभिन्न ब्रांचों में लंबित मामलों व शिकायतों का तुरंत निपटारा करें। उन्होंने यह भी कहा कि डीसी, एडीसी, जिला माल अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों की अदालतों में लंबित केस के निपटारे भी पहल के आधार पर करें।
चंद्र गैंद ने इस मौके पर बताया कि वह अपनी डिवीजन के हरेक जिले में डीसी दफ्तर का निरीक्षण करेंगे, क्योंकि यह उनके दफ्तर की एक सालाना व अनिवार्य प्रक्रिया है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पाया कि डीसी संदीप हंस अपना दफ्तर बहुत अच्छे ढंग से चला रहे हैं, जिसकी वह सराहना करते हैं। उन्होंने इस मौके पर पंजाब सरकार की ओर से सरकारी दफ्तरों में पारदर्शिता, प्रशासनिक कामों का समयबद्ध निपटारा और बेहतर प्रशासन प्रदान करने की जारी हिदायतों से भी अवगत कराया।
डीसी ने इस मौके पर भरोसा दिलाया कि वह पंजाब सरकार की प्राथमिकताओं के अनुसार लोगों की शिकायतों व आवेदनों का समयबद्ध निपटारा करना यकीनी बनाएंगे। डिवीजनल कमिश्नर ने डीसी दफ्तर में अदालती मामले, शिकायतें, पड़ताल, आडिट पैरा, असलाह डीलरों की चेकिंग समेत अन्य दफ्तरी कामों का जायजा लिया। उन्होंने तहसीलदार व ट्रांसपोर्ट दफ्तर की कारगुजारी को और चुस्त दुरुस्त करने के लिए डीसी व एडीसी के साथ चर्चा की।