पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी।
- फोटो : अमर उजाला
आय से अधिक संपत्ति मामले का सामना कर रहे पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। विजिलेंस ब्यूरो ने अब उनके कार्यकाल में गोवा बीच के किनारे पंजाब सरकार की 8 एकड़ जमीन को सस्ते रेट पर लीज पर देने की फाइल खोल दी है। यह जमीन फाइव स्टार होटल को दी गई है। विजिलेंस इस जमीन से जुड़े हर तथ्य को जुटा रही है। साथ ही संबंधित विभाग को इस संबंधी रिकॉर्ड सौंपने के आदेश दिए हैं।
पंजाब सरकार की गोवा बीच में करीब आठ एकड़ जगह है। इसका उपयोग खेती और फल बीजने आदि के लिए किया जाता रहा, लेकिन जब चरणजीत सिंह चन्नी सरकार में आए तो वह जमीन एक पांच सितारा होटल को लीज पर दे दी गई। होटल से सरकार को प्रति एकड़ एक लाख रुपये मिलते हैं। गोवा की उस समय जारी टूरिज्म पॉलिसी के हिसाब से यह कार्रवाई हुई थी। लेकिन आरोप है कि इस जमीन को कम कीमत पर लीज पर दिया गया। इससे सरकार के राजस्व को नुकसान हो रहा है।
याद रहे कि इस मामले में अभी तक चरणजीत सिंह चन्नी पर कोई केस दर्ज नहीं हुआ है, केवल जांच चल रही है। हालांकि वह पहले ही साफ कर चुके हैं कि सरकार उनको जानबूझकर निशाना बना रही है। सारा मामला राजनीति से प्रेरित है।
चन्नी को जमीन के बारे में पहले से पता था
कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री रहते चन्नी सांस्कृतिक विभाग के मंत्री थे। उस दौरान उन्हें गोवा में पंजाब सरकार की जमीन के बारे में जानकारी थी, क्योंकि उस समय कई होटल और कंपनियां पंजाब सरकार से संपर्क साधने के प्रयास में थीं। कैप्टन के सीएम की कुर्सी से हटने के बाद चन्नी मुख्यमंत्री बन गए। विभाग भी उनके ही पास था, इसलिए उन्होंने जमीन लीज पर देने को मंजूरी दे दी।