चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) में बुधवार दोपहर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब एक व्यक्ति रुपयों से भरा लिफाफा लेकर एक महिला सेक्शन ऑफिसर के टेबल तक पहुंच गया और उन्हें रुपये देने की कोशिश करने लगा। महिला सेक्शन ऑफिसर ने विरोध किया। मामले की जानकारी पुलिस और विजिलेंस को दी गई। बाद में मनमोहन सिंह नामक व्यक्ति को पकड़कर विजिलेंस सेल के हवाले कर दिया गया। बाद में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
हाउसिंग बोर्ड की तरफ से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बुधवार दोपहर मनमोहन सिंह नामक व्यक्ति हाउसिंग बोर्ड में महिला सेक्शन ऑफिसर के पास पहुंचा और उसने एक लिफाफा उनकी टेबल पर रख दिया। मनमोहन ने महिला ऑफिसर को बताया कि इस लिफाफे में रुपये हैं। इस पर ऑफिसर ने विरोध जताया और उससे तुरंत लिफाफे को उठाने के लिए कहा। साथ ही मामले की जानकारी बोर्ड के अधिकारियों को दी। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों की मदद से मनमोहन को पकड़ लिया गया।
बोर्ड ने तुरंत स्थानीय पुलिस और विजिलेंस सेल को मामले की जानकारी दी। विजिलेंस सेल ने मामले की छानबीन के लिए मनमोहन को हिरासत में ले लिया। बाद में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। विजिलेंस के एसएचओ मामले की छानबीन कर रहे हैं। सीएचबी के सीईओ यशपाल गर्ग ने कहा कि बोर्ड में भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस पॉलिसी है। अगर कोई भी भ्रष्टाचार के मामले में संलिप्त पाया जाता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाती है।