रामपाल की पेशी के दौरान सैकड़ों की संख्या में पहुंचे अनुयायी।
डेरा सच्चा सौदा मुखी गुरमीत राम रहीम सिंह के मुकदमे में 25 अगस्त को आने वाले फैसले से पहले ही सरकार और प्रशासन के लिए रामपाल चुनौती बन गया। सतलोक आश्रम के मुखी रामपाल के दो मामलों में गवाही पूरी हो चुकी है। निचली अदालत ने दो मामलों में फैसले की तारीख 24 अगस्त रखी है।
मामला संवेदनशील होने के चलते सरकार और प्रशासन के अब हाथ-पांव फूल गए हैं। देर रात तक कहीं-कहीं रामपाल के अनुयायी शहर में डेरा डाले हुए हैं। डेरा मुखी के फैसले से सरकार और पुलिस पहले सांसत में थी। इन दो फैसलों के बाद शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना प्रशासन के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा।
डेरा मुखी गुरमीत राम रहीम पर पंचकूला की सीबीआई कोर्ट में साध्वी यौन शोषण का ट्रायल चल रहा है। सीबीआई कोर्ट ने 25 अगस्त को इस केस के फैसले की तारीख निर्धारित की है। कोर्ट के मुकदमे की तारीख घोषित करने के बाद सरकार ने हरियाणा में हाई अलर्ट घोषित कर दिया था।