रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण बाजारों में टेडी बीयर की खरीदारी के लिए खासी चहल-पहल देखी गई। आज वेलेंटाइन वीक का चौथा दिन है, टेडी बीयर डे।
वेलेंटाइन वीक की खुमारी पूरे चरम पर है। युवा वर्ग में इस वीक को लेकर खास उत्सुकता रहती है। शहर की सभी गिफ्ट्स शॉप में इन दिनों युवाओं को खरीदारी करते देखा जा सकता है।
कोई अपने दोस्तों के लिए, कोई परिवार के सदस्यों और कोई अपने किसी खास के लिए शॉपिंग कर रहा है। समय के साथ-साथ वेलेंटाइन वीक को लेकर अब सभी आयु वर्ग के लोगों में इसकी खुमारी देखी जा सकती है।
शादीशुदा लोग भी अब इस पूरे वीक को मनाते हैं। कुछ युवाओं का मानना है कि यूं तो प्यार और अपनी भावना व्यक्त करने के लिए किसी तरह के तोहफे की जरूरत नहीं पड़ती, लेकिन कई बार तोहफा बिना किसी शब्द कहें सब कुछ कह जाता है। वहीं अगर तोहफे में टेडी हो तो कहना ही क्या।
जैसा टेडी बीयर वैसी ही उसकी कीमत
बाजार में वेलेंटाइन वीक को लेकर कई रेंज में टेडी बीयर उपलब्ध हैं। हर वर्ग के लोगों के लिए उनकी जेब के अनुसार टेडी बीयर मिल सकते हैं। इनकी शुरूआती रेंज तीन सौ से लेकर पांच हजार तक है।