संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। हथियारों से लैस करीब नौ हमलावरों द्वारा एक सब्जी विक्रेता को घायल कर उसको जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सब्जी विक्रेता की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर दो लोगों को पकड़ लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में विभा देवी ने बताया कि वह जिला बलिया उत्तर-प्रदेश की रहने वाली है। फिलहाल टिपरा गांव वार्ड नंबर-5 नजदीक सरकारी स्कूल वाली गली में किराए के मकान में परिवार के साथ रह रही है। वह रविवार की मंडी में सब्जी लेने के लिए अपने बेटे अजीत के पास उसकी दुकान पर गई थी। वहां पर संजय, अजाज, सोहेल और विशाल ने अपने नौ साथियों के साथ हाथों में तलवार, डंडे, राड और लोहे की पाइप लेकर खड़े थे। देखते ही देखते आरोपियों ने उसके बेटे पर हमला कर दिया। अजाज ने कमर पर तलवार से हमला किया। संजय ने लाेहे की पाइप से अजीत की कमर और पैरों पर मारना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक युवक ने उसके सिर पर बाएं तरफ से जोरदार मुक्का मारा। सभी ने अजीत की टमाटर की रेहड़ी पलट दी। आसपास के लोगों ने उसके बेटे को छुड़वाया। सभी लोग उसको जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मामले में जांच अधिकारी चिरंजीलाल का कहना है कि दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसीपी और एसएचओ कालका के निर्देशानुसार टीम गठित कर अन्य की धर पकड़ के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। जल्द उनको भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।